Jind News: कंटेनर से सिलिंडरों में गैस भरते चार लोग गिरफ्तार haryanacircle.com

[ad_1]

जींद। सदर थाना नरवाना पुलिस ने गैस कालाबाजारी के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि एक युवक मौके से भाग गया। यह लोग एचपी गैस के कंटेनरों से पाइप लगाकर सिलिंडरों में गैस भर रहे थे। पुलिस ने मौके से 22 कॉमर्शियल गैस सिलिंडर और तीन गैस टैंकर बरामद किए हैं।

खाद्य आपूर्ति विभाग को रविवार शाम को सूचना मिली थी कि बेलरखा गांव के पास नहर वाटिका फैमिली ढाबे पर गैस कंटेनर से सिलिंडरों में गैस भरी जा रही है। सदर पुलिस और सीआईए स्टाफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देख सभी लोग मौके से खेतों में भागने लगे।

पुलिस ने पीछा कर ढाबा संचालक बेलरखा निवासी विजेंद्र उर्फ बिंद्र, कंटेनर के मालिक घसो खुर्द निवासी अजय, अमृतसर के गांव राजधान निवासी कंटेनर चालक मनप्रीत उर्फ सोनू, अमृतसर जिला के गांव बबोवाल निवासी बलदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एक कंटेनर चालक मौके से भागने में सफल रहा।

जांच में सामने आया कि यह लोग ढाबे पर गैस टैंकरों से सिलिंडरों में पाइप लगाकर गैर-कानूनी तरीके से गैस भर रहे थे। बाद में इन गैस सिलिंडरों को मंहगे दामों में बेच दिया जाता। जिस तरीके से सिलिंडरों में गैस भरी जा रही थी इससे बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने मौके से तीन गैस कंटेनर, पांच भरे हुए और 17 खाली कॉमर्शियल सिलिंडर, तीन नापतोल कांटे बरामद किए हैं।

जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में फरार आरोपी को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

[ad_2]