[ad_1]
हिसार। रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है। हिसार से इंदौर के लिए पहली सुपरफास्ट ट्रेन 11 मार्च से शुरू होगी। रेलवे ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। दिल्ली–इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हिसार तक विस्तार दिया गया है। इस विस्तारीकरण के बाद अब हिसार के यात्रियों को मथुरा के लिए भी सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध हो जाएगी। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली यह ट्रेन हिसार–हांसी–महम–रोहतक रूट से संचालित होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 20957/20958 इंदौर–नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हिसार तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। यह घोषणा रेलवे बोर्ड, उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर) और पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर) के आधिकारिक सीओआईएस संदेशों के आधार पर की गई है।
रेलवे की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार ट्रेन संख्या 20957 (इंदौर–नई दिल्ली) का विस्तार 11 मार्च 2026 से हिसार तक किया जाएगा। यह ट्रेन दिल्ली सफदरजंग, शकूरबस्ती, रोहतक, महम और हांसी होते हुए सुबह करीब 9:20 बजे हिसार पहुंचेगी। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन हिसार आएगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 20958 (नई दिल्ली–इंदौर) का विस्तार 12 मार्च 2026 से हिसार से शुरू होगा। यह ट्रेन दोपहर 1:20 बजे हिसार से प्रस्थान कर दिल्ली सफदरजंग के रास्ते इंदौर के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन भी सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी। इस विस्तार से हिसार, हांसी, महम और रोहतक के यात्रियों को मध्य प्रदेश तक सीधी सुपरफास्ट रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
हिसार से सोमवार, वीरवार और शनिवार को जाएगी ट्रेन
इंदौर से हिसार के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 20957 प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शाम 4:45 बजे इंदौर से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 4:52 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद शकूरबस्ती और रोहतक होते हुए सुबह 9:20 बजे हिसार पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 20958 हिसार से इंदौर के लिए प्रत्येक सोमवार, वीरवार और शनिवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन दोपहर 1:20 बजे हिसार से रवाना होकर शाम 6:15 बजे दिल्ली सफदरजंग स्टेशन पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 6:45 बजे इंदौर पहुंचेगी।
किसान एक्सप्रेस का रूट अस्थायी तौर पर बदला
बठिंडा से सिरसा–हिसार के रास्ते दिल्ली के बीच संचालित किसान एक्सप्रेस के रूट में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे की ओर से लाहली के पास रेलवे ट्रैक पर कार्य किया जा रहा है। इसके चलते किसान एक्सप्रेस का रूट हिसार–हांसी–भिवानी होते हुए रोहतक की ओर बदला गया है। फिलहाल यह ट्रेन हिसार–हांसी से महम–रोहतक रूट पर संचालित की जा रही है।
[ad_2]
Hisar News: हिसार से इंदौर के लिए सुपरफास्ट ट्रेन 11 मार्च से, हांसी–महम रूट से होगा संचालन, मथुरा के लिए भी मिलेगी सीधी ट्रेन




