Hisar News: सीएम फ्लाइंग स्क्वायड ने सरसों व ग्वार के अवैध भंडारण पर 1.29 लाख का जुर्माना लगाया Latest Haryana News

[ad_1]

हिसार। आदमपुर में सरसों और ग्वार के अवैध भंडारण के खिलाफ सीएम फ्लाइंग स्क्वायड ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन फर्मों के गोदामों से बिना दस्तावेज 1025 क्विंटल सरसों और 833 क्विंटल ग्वार का स्टॉक पकड़ा। टीम ने मामले में कुल 1.29 लाख रुपये मार्केट फीस व जुर्माना लगाया और संबंधित फर्मों को नोटिस जारी किए।

कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग स्क्वायड हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ आदमपुर मार्केट कमेटी के मंडी सुपरवाइजर सुनील कुमार व कुलदीप, एसआई कृष्ण कुमार और एएसआई सुरेंद्र भी मौजूद रहे।

सुनैना ने बताया कि टीम ने आदमपुर स्थित अभिषेक एग्रो इंडस्ट्रीज के गोदाम का निरीक्षण किया जहां सरसों का भारी भंडारण पाया गया। जांच के दौरान फर्म मालिक सरसों की खरीद से संबंधित वैध दस्तावेज या मार्केट फीस की रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम ने एच रजिस्टर और मार्केट कमेटी के रिकॉर्ड के साथ स्टॉक का मिलान किया। निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन कर बिना दस्तावेज 1025 क्विंटल सरसों का स्टॉक रखने पर फर्म पर करीब 78,798 रुपये मार्केट फीस व जुर्माना लगाया गया।

इसके बाद टीम ने आदमपुर में राजेंद्र कुमार शुभम कुमार फर्म के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां ग्वार का भंडारण मिला लेकिन फर्म मालिक खरीद से संबंधित वैध दस्तावेज या मार्केट फीस की रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका। स्टॉक रजिस्टर और मार्केट कमेटी के रिकॉर्ड से मिलान करने पर बिना दस्तावेज 515 क्विंटल ग्वार का स्टॉक पाया गया। इस पर करीब 28,789 रुपये मार्केट फीस व जुर्माना लगाया गया और मार्केट कमेटी की ओर से नोटिस जारी किया गया।

इसके अलावा टीम ने आदमपुर में घनश्याम दास दिनेश कुमार फर्म के गोदाम का भी निरीक्षण किया। यहां ग्वार का भंडारण पाया गया और एक गोदाम अवैध रूप से बना हुआ मिला। फर्म मालिक ग्वार की खरीद से जुड़े वैध दस्तावेज या मार्केट फीस की रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका। रिकॉर्ड से मिलान करने पर बिना दस्तावेज 318 क्विंटल ग्वार का स्टॉक पाया गया। इस पर करीब 21,465 रुपये मार्केट फीस व जुर्माना लगाया गया। साथ ही अवैध गोदाम बनाने के मामले में मार्केट कमेटी की ओर से नोटिस भी जारी किया गया।

[ad_2]
Hisar News: सीएम फ्लाइंग स्क्वायड ने सरसों व ग्वार के अवैध भंडारण पर 1.29 लाख का जुर्माना लगाया