[ad_1]
हिसार। न्यू ऋषि नगर में शनिवार को लोगों ने विधायक सावित्री जिंदल का रास्ता रोका और कहा कि हमारी समस्याएं सुनो। विधायक जिला नागरिक अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करने पहुंची थीं। कार्यक्रम से लौटते समय क्षेत्रवासियों ने उन्हें घेर लिया और विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
विधायक ने मौके पर मेयर और क्षेत्र के पार्षद को बुलाकर लोगों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। हालांकि इस दौरान लोग नाराज नजर आए। उनका कहना था कि उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है, समाधान नहीं।
न्यू ऋषि नगर निवासी दिनेश त्यागी ने बताया कि नगर निगम उनके घर के सामने 40 फुटा रोड को तोड़कर दोबारा बना रहा है। निगम की ओर से घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं कि चबूतरे और रैंप स्वयं तोड़ दें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है कि सड़क से बड़े-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिससे मकानों में दरारें आ गई हैं। यदि चबूतरे और रैंप भी हटा दिए गए तो बाहर खड़े होने की जगह नहीं बचेगी और छोटे बच्चों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने सड़क पर बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों का आवागमन बंद करने की मांग की। इस दौरान गीता, संदीप, विजय, प्रकाश, कपिल शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
घरों में आईं दरारें, जिम्मेदार कौन
अंगूरी देवी ने बताया कि उनके घर के सामने बना बड़ा ब्रेकर समस्या का कारण बना हुआ है। दिन-रात भारी वाहन गुजरने से उनके मकान में दरारें आ गई हैं। उन्होंने ब्रेकर हटाने और मकान को हुए नुकसान की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ और केवल आश्वासन ही मिले हैं।
खंभों पर लटक रहे बिजली मीटर
सुमन ने बताया कि उनकी गली में बिजली के मीटर खंभों पर नीचे लगे हैं, जिन्हें छोटे बच्चे भी खोल लेते हैं। इससे करंट लगने का खतरा बना रहता है। संबंधित विभाग को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
[ad_2]
Hisar News: विधायक सावित्री जिंदल का लोगों ने रोका रास्ता, बोले- हमारी समस्याएं सुनो



