[ad_1]
हिसार। गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में 19 जनवरी से तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय राज्य कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस चैंपियनशिप में प्रदेशभर के महाविद्यालयों से आए पहलवान कुश्ती के दांवपेच दिखाएंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक कुमार सैनी ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि चैंपियनशिप का उद्घाटन 19 जनवरी को राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला करेंगे। वहीं 21 जनवरी को प्रस्तावित पारितोषिक वितरण समारोह में मास्टर एथलेटिक्स ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मवीर ढिल्लो मुख्य अतिथि के रूप में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। समारोह की अध्यक्षता भाजपा के हांसी जिला अध्यक्ष अशोक सैनी करेंगे।
कुश्ती चैंपियनशिप के आयोजन सचिव एवं शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. सुखबीर सिंह दूहन ने बताया कि यह आयोजन उच्चतर शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार कराया जा रहा है। इसमें प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी महाविद्यालयों तथा यूटीडी की टीमें भाग लेंगी।
आयोजन के पहले दिन 19 जनवरी को सुबह नौ बजे से खिलाड़ियों का वजन तौला जाएगा, जबकि सुबह 10 बजे से कुश्ती मुकाबले शुरू होंगे। चैंपियनशिप में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के मुकाबले होंगे। पुरुष वर्ग में फ्रीस्टाइल और ग्रीको रोमन शैली की कुश्तियां कराई जाएंगी।
प्राचार्य डॉ. सैनी ने बताया कि कुश्ती फेडरेशन ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ऑल इंडिया एंट्री यूनिवर्सिटी के नियमानुसार प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी विजेता खिलाड़ियों को उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से नकद राशि, पदक और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि विजेता महाविद्यालय को चैंपियनशिप ट्रॉफी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी निर्मला बूरा विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला खिलाड़ियों को प्रेरित करेंगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था महाविद्यालय की ओर से की गई है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर ड्यूटी बांट दी गई है। इस अवसर पर उप प्राचार्य डॉ. राजेंद्र सेवदा, कुश्ती चैंपियनशिप के निर्णायक सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार, प्रोफेसर बलजीत सिंह, प्रोफेसर राम मेहर सिंह मलिक, डॉ. जगबीर बूरा, प्रो. मनोज कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
[ad_2]
Hisar News: गुरु गोरखनाथ कॉलेज में अंतर महाविद्यालय राज्य कुश्ती चैंपियनशिप 19 से



