[ad_1]
हिसार। रोडवेज बस स्टेशन के सामने स्थित ऐतिहासिक फिरोज शाह के गुजरी महल में रविवार को एक पर्यटक द्वारा तहखाने में प्रवेश का प्रयास करने पर विवाद हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने बारिश में दीवारों की नमी और गिरने के खतरे का हवाला देकर उन्हें अंदर जाने से रोका, जिस पर नाराज पर्यटक ने कॉल कर पुलिस को बुला लिया।
चरखी दादरी निवासी विनोद अपने साथियों के साथ महल घूमने आए थे। जैसे ही उन्होंने तहखाने में जाने की कोशिश की, सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोका और समझाया कि बारिश के कारण दीवारें कमजोर हो गई हैं। इसके अलावा, तहखाने में चमगादड़ों का झुंड है, जो डर का कारण बन सकता है। सुरक्षाकर्मी ने बताया कि अंदर जाने पर गिरने की आशंका बनी हुई है। विवाद बढ़ने पर विनोद ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर बयान दर्ज किए और उन्हें व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी।
1360 में हुआ था महल का निर्माण
फिरोज शाह महल वर्ष 1360 में बना था और यह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधीन है। 9 अप्रैल 1924 से संरक्षित यह स्मारक रोजाना सुबह 9 से शाम 6 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहता है और प्रतिदिन लगभग 150 पर्यटक इसे देखने आते हैं।
[ad_2]
Hisar News: गुजरी महल के प्राचीन तहखाने में जाने से रोका तो पर्यटक ने बुलाई पुलिस