[ad_1]
हांसी। प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक की हत्या से पहले आरोपियों ने पहले उनपर गोली चलाई थी जिसमें वह बच गए थे। मलिक ने आरोपियों से चाकू भी छीन लिया। बचाव में एक हत्यारे पर वार भी किए। लेकिन, जिंदगी बचाने के लिए उनका संघर्ष ज्यादा लंबा नहीं चला। तीनों आरोपियों ने मिलकर उन्हें दबोच लिया और चाकू छीनकर एक के बाद एक वार कर उनकी हत्या कर दी।
आरोपी पवन और महेंद्र ने पूछताछ में पुलिस को घटना वाले दिन की पूरी कहानी क्रमबद्ध तरीके से बताई। पुलिस के अनुसार, हत्या से पहले ही हत्यारों ने मलिक पर गोली चलाई थी, जिसमें वह बच गए थे। आरोपियों ने बताया कि चाकू से संजू के हाथ पर भी वार किया गया। हत्या में प्रयुक्त चाकू अभी बरामद नहीं हुआ है। मुख्य आरोपी संजू अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
चौथे आरोपी गुरदीप को सोमवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पवन को मध्य प्रदेश ले जाकर संजू और अवैध पिस्तौल की खरीद के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पवन पांच दिन के पुलिस रिमांड पर है।
मंगलवार को हुई थी हत्या :
मंगलवार को सुभाष मलिक सुबह करीब साढ़े सात बजे सेक्टर छह के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में कार्यालय खोलने गए थे, तभी मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी पवन, महेंद्र और संजू वहां पहुंचे। भैणी महाराजपुर (रोहतक) निवासी सैलून संचालक गुरमीत बाहर रेकी कर रहा था। तीनों ने मलिक की हत्या कर सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। वीरवार को साइबर सेल की मदद से गुरमीत को पकड़ लिया गया था। बाद में महेंद्र और गुरदीप को गिरफ्तार किया गया। हत्या के मुख्य आरोपी पवन, महेंद्र और संजू 18 वर्ष के हैं। महेंद्र इसी वर्ष 1 जनवरी को 18 वर्ष के हुए हैं।
:::::::
मलिक की हत्या में गिरफ्तार आरोपी गुरदीप को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पवन अभी पुलिस रिमांड पर है। उससे पूछताछ की जा रही है।- संदीप, पुलिस प्रवक्ता, हांसी।
[ad_2]
Hisar News: आरोपियों से छीना था चाकू, बचाव में एक पर वार भी किए




