[ad_1]
हिसार। हिसार साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर की गई 14.85 लाख रुपये की ठगी मामले में आरोपी जाथूवाल, जिला अमृतसर (पंजाब) निवासी जसकरण को शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कमीशन पर बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। उसके खाते में आए लेन-देन में से 1 लाख रुपये पुलिस ने बरामद किए हैं।
जांच अधिकारी एएसआई संजय ने बताया कि थाना साइबर में 29 अक्तूबर को एनसीसीआरपी पोर्टल से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर की 14.85 लाख रुपये की ठगी होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 22 अक्तूबर को उसकी टेलीग्राम आईडी पर घर बैठे ऑनलाइन कमाई का लालच देकर संपर्क किया गया। आरोपी ने विश्वास में लेने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेजों के फोटो भेजे। इसके बाद आरोपी के भेजे गए लिंक के माध्यम से शिकायतकर्ता से उसकी पत्नी का बैंक खाता अटैच करवाया गया। पहले 8 हजार रुपये निवेश करवाकर 15 हजार रुपये रिटर्न भेजे गए, जिससे विश्वास और बढ़ गया।
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने विभिन्न फर्जी यूपीआई व बैंक खातों के माध्यम से शिकायतकर्ता से कुल 14,85,503 रुपये हड़प लिए। बाद में शिकायतकर्ता को वेबसाइट पर लाभ सहित 22,37,943 रुपये दिखाए गए। मगर राशि निकालने पर फाइनेंशियल एडवाइजर ने 11 लाख सिक्योरिटी राशि जमा करने की मांग की। शक होने पर परिवादी ने 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई।
[ad_2]
Hisar News: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 14.85 लाख की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार


