Gurugram News: 32 ब्लैक स्पॉट चिन्हित, गहन अध्ययन कर खामियां होंगी दूर Latest Haryana News

[ad_1]

सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए हुई बैठक

संवाद न्यूज एजेंसी

गुरुग्राम। सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए बुधवार को ट्रैफिक टावर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रैफिक एजुकेशन सेंटर में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि गुरुग्राम में 32 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनका गहन अध्ययन किया जा रहा है और खामियों को दूर किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने बताया कि गुरुग्राम जैसे तेज़ी से विकसित होते शहर में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर सभी विभागों जैसे कि पुलिस, नगर निगम, जीएमडीए, एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एकीकृत रणनीति के तहत अगर सभी विभाग मिलकर काम करें तो न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा भी सुनिश्चित की जा सकती है।

बैठक के दौरान अध्यक्ष डॉ. रोहित बलुजा ने जानकारी दी कि उनकी टीम ने गुरुग्राम के 24 प्रमुख जंक्शनों और चौराहों का सर्वे पूरा कर लिया है। यह सर्वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीक की मदद से किया गया, जिसमें ट्रैफिक जाम के कारण बनने वाली कई खामियां सामने आईं। इनमें रेड लाइट की गलत टाइमिंग, जेब्रा क्रॉसिंग की अनुपस्थिति, यू-टर्न और स्लिप रोड की अनुचित व्यवस्था, सर्विस रोड की अव्यवस्था, साइन बोर्डों की कमी और रोड मार्किंग की अस्पष्टता जैसी दिक्कतें प्रमुख रहीं। इन बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों ने इन्हें जिला सड़क सुरक्षा समिति में शामिल कर संबंधित विभागों को सौंपने का निर्णय लिया, ताकि शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि वर्तमान में गुरुग्राम में कुल 32 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिनका गहन अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर दुर्घटना होने की स्थिति में संबंधित एसीपी स्वयं मौके का निरीक्षण करते हैं, ताकि कारणों की पहचान कर उचित सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।

इस मौके पर हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव दिपेन्द्र सिंह ढेसी, उपायुक्त अजय कुमार, नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, सीईओ जीएमडीए श्यामल मिश्रा, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन, डीसीपी ईस्ट गौरव राजपुरोहित आदि उपस्थित रहे।

[ad_2]
Gurugram News: 32 ब्लैक स्पॉट चिन्हित, गहन अध्ययन कर खामियां होंगी दूर