[ad_1]
अवैध कट और पशुओं को रोकने के लिए बैरिकेट लगवा रहा एनएचएआई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर हिट फ्रॉम बैक (पीछे से टक्कर मारने) के छह प्रमुख हॉट स्पॉट हैं, यहां पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। एनएचएआई हाईवे पर कंकरीट का बैरिकेट लगवा रहा है, जिससे अचानक हाईवे पर वाहन चालक और पशु न आ सकें।
एनएच-48 यातायात के लिहाज से काफी संवेदनशील है। हाईवे पर वाहनों की गति ज्यादा होती है और अचानक से वाहन रोकने से हादसे की संभावना बनी रहती है। इसके अलावा भारी वाहनों द्वारा लेन ड्राइविंग के उल्लंघन से ऐसे हादसे होते हैं। हाईवे पर हॉट स्पॉट वाले जगहों में 32 एवेन्यू प्रवेश, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़कीदौला, आईएमटी मानेसर और बिलासपुर चौक प्रमुख हैं। एनएचएआई हिट फ्रॉम बैक के मामलों को कम करने का प्रयास कर कर रहा है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने बताया कि खेड़कीदौला से रेवाड़ी तक हाईवे के दोनों ओर कंकरीट के बैरिकेट बनाए जा रहे हैं। इससे हाईवे पर अवैध तरीके से प्रवेश पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। वाहन चालक मनमानी तरीके से हाईवे पर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा यातायात पुलिस की ओर से लेन ड्राइविंग पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हाईवे पर साल 2023 में 108 मामले आए और 45 लोगों की मौत हो गई। साल 2024 में 184 भारी वाहनों के पीछे से टक्कर मारने से हादसे आए, इसमें 99 की मौत हो गई।
हाईवे पर इस प्रकार के हादसे होने से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को जाम से परेशानी होती है। हाईवे पर यदि वाहन भी खराब हो जाए तो जाम के हालात बन जाते हैं। वाहनों की टक्कर से मामला और बिगड़ जाता है। एनएचएआई खेड़कीदौला से बावल हाईवे पर कई कार्य करा रहा है। खेड़कीदौला से बावल तक 64 किमी हाईवे पर अवैध कटों को बंदकर 32 प्रवेश और निकास द्वार बनेंगे। एनएचएआई जर्सी बैरियर के अलावा अन्य इंतजाम कराने जा रहा है।
[ad_2]
Gurugram News: हाईवे पर छह जगहों पर पीछे से टक्कर मारने के हादसे ज्यादा


