[ad_1]
पीड़ित छत से कूदकर भागा तो लोगों ने चोर समझ पीटा, दो महिला समेत चार पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हनीट्रैप में फंसाकर युवती ने राजस्थान के भिवाड़ी से एक युवक को फरीदाबाद बुलाया। यहां युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को पर्वतीया कॉलोनी के मकान में बंधक बनाकर रेप केस में फंसाने की धमकी दी। साथ ही मारपीट कर रुपये व मोबाइल छीन लिए। बचने के लिए युवक छत से कूदकर भागा तो कॉलोनी के रहने वाले लोगों ने उसे चोर समझकर पीट दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सारन थाना में एफआईआर दर्ज कर दो महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मामले में शिकायत राजस्थान भिवाड़ी निवासी अनिल ने दी है। उसने बताया कि वो एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसके साथ ही गौरी शंकर भी नौकरी करता है। कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर एक नंबर से मिस कॉल आई। कॉल की तो एक युवती से बात हुई। युवती ने अनिल को मिलने के लिए फरीदाबाद बुलाया। रविवार को अनिल अपने सहकर्मी गौरी शंकर के साथ चाचा चौक फरीदाबाद आया। यहां पर युवती अपनी एक अन्य सहेली के साथ मिली। युवती दोनों को अपने घर ले गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार युवती के घर पहुंचे तो दो अन्य युवक वहां आ गए और उसे जबरन कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे 10 हजार रुपये वसूले। साथ ही मारपीट कर मोबाइल छीन लिया। वह किसी तरह यहां से बचने के लिए मकान की छत से कूदकर भागा। लेकिन दूसरे मकान की छत पर पहुंचा तो लोगों ने चोर समझकर पीट दिया। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने अनिल के बयान पर सारन थाना में एफआईआर दर्ज कर ली है।
दोस्त गौरीशंकर ने ही फंसाया हनीट्रैप में
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए अनिल के साथी गौरीशंकर, दीपक और दो युवतियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनसे पूछताछ में पता चला कि गौरीशंकर और आरोपी युवती दूर के रिश्तेदार हैं। गौरीशंकर ने ही इस युवती को अनिल का मोबाइल नंबर दिया था। युवती ने अनिल से बात करना शुरू किया और रविवार 14 सितंबर को उन्हें फरीदाबाद बुलाया। चारों आरोपियों को अदालत में पुलिस ने पेश किया। यहां गौरीशंकर व दोनों युवतियों को जेल भेज दिया गया। वहीं दीपक को एक दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
[ad_2]
Gurugram News: हनीट्रैप में फंसा राजस्थान से बुलाया युवक, बंधक बनाकर पीटा

