[ad_1]
मध्य अमेरिका के रिको कोस्ट में पहुंचा था सुनील, अमेरिका जाने की तैयारी कर रहा था गैंगस्टर सुनील सरधानिया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गैंगस्टर सुनील सरधानिया से रिमांड के दौरान पूछताछ करने पर पता चला कि वह दिल्ली से फर्जी दस्तावेज पर पासपोर्ट बनवाने के बाद सबसे पहले दुबई गया था। दुबई से डंकी रूट के रास्ते 15 देशों का सफर कर मध्य अमेरिका के रिको कोस्ट में पहुंचा था। वहां से सुनील अमेरिका जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले गुरुग्राम पुलिस उसे भारत लेकर आ गई।
गायक राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया पर फायरिंग और प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या करवाने में शामिल गैंगस्टर सुनील सरधानिया को गुरुग्राम पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। रिमांड के दौरान सुनील ने खुलासा किया कि वह दुबई से डंकी के रास्ते 15 देशों का सफर कर मध्य अमेरिका के रिको कोस्ट में पहुंचा था। सुनील सरधानिया को भारत जब लाया जा रहा था, तब दीपक नांदल ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया। ग्रुप में लिखा कि दीपक और सुनील का कोई लेन-देन नहीं है। दीपक की सुनील से दो माह में कोई बात नहीं हुई। वहीं, पुलिस की अभी तक की जांच में इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सुनील से दीपक के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
गन्नौर (सोनीपत) के सरढाना गांव निवासी गैंगस्टर सुनील सरधानिया (39 वर्ष) पर हरियाणा के गुरुग्राम, जींद, रोहतक, झज्जर, हिसार, सोनीपत, अंबाला, भिवानी व पंचकूला और उत्तर प्रदेश के बागपत व आगरा में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, जान से मारने की धमकी देने के 24 मामले दर्ज हैं। इनमें चार मामले उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं। भिवानी में हत्या मामले में इस गैंगस्टर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद यह फर्जी पासपोर्ट तैयार करके विदेश भाग गया था। इसने दिल्ली की वसुंधरा एन्क्लेव स्थित न्यू अशोक नगर निवासी सुनील सिंह के पत्ते पर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था। गुरुग्राम पुलिस की तरफ से इस गैंगस्टर के सात साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
10वीं कक्षा तक पढ़ाई के बाद छोड़ दिया था गांव
सोनीपत के सरढाना गांव निवासी सुनील के पिता अमर सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस घटना से सुनील को मानसिक आघात पहुंचा। पिता की मौत के बाद वह गांव में ही अपने चाचा के साथ रहने लगा था। सुनील सरधानिया ने 10वीं कक्षा तक गांव के स्कूल में पढ़ाई की। इसके बाद गांव छोड़ दिया और कभी वापस गांव नहीं लौटा। गांव छोड़ने के कुछ सालों बाद सुनील का नाम आपराधिक वारदातों डकैती, फिरौती और हत्या में सामने आया। इसके बाद वह गैंगस्टरों की सूची में शामिल हो गया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सुनील सरधानिया से रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
[ad_2]
Gurugram News: सुनील सरधानिया ने दुबई से डंकी रूट से किया 15 देशों का सफर


