[ad_1]
विशेष टीमें बनेंगी, जो पार्षदों की निगरानी में कार्य करेंगी
निगम अभियान में नागरिकों की सहभागिता को भी बढ़ाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रदूषण नियंत्रण के लिए नगर निगम गुरुग्राम की ओर से सड़कों से मिट्टी उठाने के लिए अभियान तेज किया जाएगा। शुक्रवार को नगर निगम गुरुग्राम मेयर राजरानी मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्षदों की बैठक हुई। अभियान के तहत सभी वार्डों में विशेष टीमें गठित होंगी, जो संबंधित वार्ड के निगम पार्षद की निगरानी में कार्य करेंगी। ये टीमें सडक़ों से धूल-मिट्टी उठाने के साथ-साथ घास व झाडिय़ों को हटाने का कार्य भी करेंगी। इसके अतिरिक्त मुख्य सडक़ों, मेट्रो स्टेशनों, बस क्यू शेल्टरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई को और बेहतर बनाया जाएगा।
यह निर्णय शुक्रवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। नगर निगम कार्यालय में हुई इस बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव, मुख्य अभियंता विजय ढाका और पार्षदगण मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि प्रदूषण का प्रमुख कारण सडक़ों पर जमा धूल-मिट्टी है, जिसे हटाने के लिए निगम ने यह विशेष अभियान शुरू किया है। निगम का लक्ष्य है कि अगले तीन माह में शहर में बेहतर स्वच्छता और स्वच्छ वातावरण स्थापित किया जाए।
अभियान के तहत मुख्य सडक़ों से धूल-मिट्टी, कचरा, घास, झाडिय़ां और बागवानी वेस्ट हटाया जाएगा। आवासीय व बाजार क्षेत्रों में सफाई को और मजबूत किया जाएगा। निगम पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन निगरानी करेंगे। निगम इस अभियान में नागरिकों की सहभागिता को भी बढ़ाएगा। एनएसएस, एनजीओ और सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को भी इस मुहिम में शामिल किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों के दौरान उत्पन्न मलबा, मिट्टी और बागवानी कचरा तुरंत हटाया जाएगा। यदि कार्य करने वाली एजेंसियां ऐसा नहीं करती हैं, तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि अभियान को युद्ध स्तर पर चलाया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शहर की सडक़ों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता का दृश्यमान परिवर्तन नजर आएगा।
[ad_2]
Gurugram News: सडक़ों से मिट्टी हटाने के विशेष अभियान को मिलेगी रफ्तार

