Gurugram News: शिवमूर्ति से सरहौल बाॅर्डर तक एलिवेटेड रोड से जाम की समस्या होगी दूर Latest Haryana News

[ad_1]

-एनएचएआई दिल्ली-गुरुग्राम सेक्शन में जाम दूर करने के लिए बनवा रहा डीपीआर

अमर उजाला ब्यूरो

गुरुग्राम। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम दूर करने के लिए शिवमूर्ति दिल्ली से गुरुग्राम बॉर्डर तक करीब तीन किलोमीटर की एलिवेटेड रोड के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करा रहा है। कंसल्टेंट कंपनी शिव मूर्ति-गुरुग्राम बॉर्डर के अलावा साइबर सिटी तक डेडिकेटेड कॉरिडोर बनाने में भी तकनीकी मदद करेगी। कॉरिडोर बनने से लाखों वाहन चालकों को राहत मिलेगी।

हाईवे पर महिपालपुर,रजोकरी, एंबियंस माॅल, शंकर चौक और इफ्को चौक यातायात के मद्देनजर महत्वपूर्ण हैं। इन जगहों पर अक्सर जाम की समस्या रहती है। दिल्ली से गुरुग्राम आते वक्त रजोकरी के आगे शिवमूर्ति से यातायात प्रभावित होने लगता है। ऐसे में शिवमूर्ति दिल्ली से गुरुग्राम बॉर्डर तक एलिवेटेड रोड बनाई जानी है। एनएचएआई ने दिल्ली सेक्शन में डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, गुरुग्राम सेक्शन में साइबर सिटी तक सर्विस रोड पर एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने की योजना है। वहीं, दिल्ली की ओर शंकर चौक पर राइट टर्न अंडरपास बनाया जाना है ताकि ट्रैफिक जाम कम किया जा सके। यह प्रस्ताव डीएलएफ ने एनएचएआई को अपने खर्चे पर बनाने के लिए दिया है। इस प्रपोजल का एनएचएआई और गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने हाल में रिव्यू किया है और इसे एनओसी देने के लिए तकनीकी रूप से सही पाया है। इसके लिए एनएचएआई डीएलएफ को इन-प्रिंसिपल एनओसी दे सकता है। कंपनी को बाद में एनएचएआई से फाइनल मंजूरी के लिए डिटेल डिजाइन और ड्राइंग जमा करनी होगी।

हीरो होंडा चौक से रामपुरा फ्लाईओवर तक एलिवेटेड कॉरिडोर

एनएच-48 के हीरो होंडा चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे क्लोवरलीफ सेक्शन पर भारी ट्रैफिक रहता है। नरसिंहपुर और हीरो होंडा चौक के आगे कुछ जगहों पर भी जलभराव की समस्या होती है। ऐसे में एनएचएआई हीरो होंडा चौक से रामपुरा फ्लाईओवर तक एलिवेटेड रोड बनाने के लिए डीपीआर तैयार करा रहा है। यह करीब चार किमी लंबा होगा। इस सेक्शन के एलिवेटेड होने से खेड़कीदौला टोल के पास यूटर्न की समस्या दूर हो जाएगी।

राजीव चौक पर इंटरचेंज

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए राजीव चौक पर एनएच-48 और एनएच-248ए के इंटरचेंज के लिए डीपीआर तैयार करने पर काम चल रहा है। बीएसएनएल से जमीन ट्रांसफर के लिए जीएमडीए से कोआर्डिनेशन किया जा रहा है। बता दें कि दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोज 3.63 लाख वाहन गुजरते हैं। इसमें 1.71 लाख पीसीयू प्रति दिन दिल्ली से गुरुग्राम आते हैं।

हाईवे पर जाम दूर करने के लिए डीपीआर तैयार कराया जा रहा है। संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्य किया जा रहा है।- आकाश, परियोजना निदेशक, एनएचएआई

[ad_2]
Gurugram News: शिवमूर्ति से सरहौल बाॅर्डर तक एलिवेटेड रोड से जाम की समस्या होगी दूर