[ad_1]
छोटे भाई के साथ खेल रहा था मासूम, ग्रिल पर चढ़ने के दौरान नीचे गिरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-37 खांडसा गांव में शनिवार की रात एक घर में दूसरी मंजिल की बालकनी से आठ साल का बच्चा खेलते हुए गिर गया। वह छोटे भाई के साथ खेल रहा था। इस दौरान ग्रिल पर चढ़ने की कोशिश में नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की जांच में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है।
बच्चे की पहचान प्रतापगढ़ के सांगीपुर गांव निवासी रौनक के रूप में हुई है। वह पहली कक्षा में पढ़ता था। बच्चे का परिवार खांडसा गांव के एक मकान की दूसरी मंजिल पर किराये के कमरे में रहता है। रौनक के पिता विजय गुरुग्राम में श्रमिक का काम करते हैं। शनिवार की रात को रौनक अपने छोटे भाई के साथ खेल रहा था। इस दौरान रौनक खेलते-खेलते बालकनी की ग्रिल पर चढ़ गया और अनियंत्रित होकर नीचे सड़क पर गिर गया। हादसे के बारे में छोटे भाई से पता चलने पर पिता और परिवार के अन्य सदस्यों ने नीचे आकर देखा तो वह गंभीर रूप से घायल कराह रहा था। परिजन तुरंत रौनक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
घरों व इमारतों की बालकनी से गिरने के पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। 26 सितंबर को शिवजी पार्क में 16 वर्षीय किशोरी बालकनी से अनियंत्रित होकर गिर गई थी। वह बालकनी में खड़ी होकर एक कार्यक्रम को देख रही थी। 26 अगस्त को अशोक विहार निवासी मीनू सिंह (59) की तीसरी मंजिल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी। आठ मार्च को सेक्टर-53 स्थित पार्क प्लाजा सोसाइटी के 14वीं मंजिल की बालकनी से गिरने से जापानी युवती की मौत हो गई थी। इसके अलावा भी अन्य कई मामले हो चुके हैं।
वर्जन
बालकनी से गिरने से बच्चे की मौत हुई है। मामले में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। -महेंद्र, जांच अधिकारी
[ad_2]
Gurugram News: दूसरी मंजिल की बालकनी से गिरा आठ साल का बच्चा, मौत

