[ad_1]
10 लाख रुपये की कीमत के गहने व वारदात में प्रयोग स्कूटी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने घर से गहने व नकदी चोरी करने के मामले में महिला को दिल्ली के जौनापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला आरोपी से 10 लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के गहने व वारदात में प्रयोग स्कूटी बरामद की है।
महिला आरोपी की पहचान गुरुग्राम के सेक्टर-28, चकरपुर स्थित सरस्वती विहार निवासी शबाना थप्पा उर्फ शिवानी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि महिला आरोपी पहले डीएलएफ फेज-3 में हरिचंद पाल के पड़ोस में रहती थी। हरिचंद पाल का आरोप है कि आरोपी महिला शबाना थप्पा उर्फ शिवानी ने अपने नाबालिग बेटे के साथ 3 मार्च को गहने चोरी किए थे। पुलिस को शिकायत में हरिचंद पाल ने बताया कि नाबालिग लड़के के उसके दोनों बच्चों को लुक्का-छिपी का खेल खेलने के दौरान बाथरूम में बंद कर दिया और अलमारी से सोने का मंगलसूत्र, सोने के दो हार, कानों के झुमके, चांदी की कमरबंद, चांदी की पैरों की पायल व चार हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामले में महिला आरोपी के नाबालिग बेटे को पहले ही काबू किया था। अपराध शाखा सेक्टर-43 के प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि आरोपी महिला शबाना थप्पा उर्फ शिवानी को 28 मार्च को अदालत मे पेश किया गया। अदालत से शबाना थप्पा उर्फ शिवानी को जमानत पर छोड़ा है।
[ad_2]
Gurugram News: घर से गहने व नकदी चोरी करने के मामले में महिला गिरफ्तार


