[ad_1]
खोह गांव से अरावली की पहाड़ियों तक पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर नगर निगम की ओर से खोह गांव में भूमिगत जल स्तर बढ़ाने के लिए एक नई योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत नगर निगम और जीएमडीए मिलकर इलाके में पानी की पाइपलाइन बिछाएंगे।
इसके लिए विभाग ने एस्टीमेट भी तैयार कर लिया है और जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है। योजना के तहत खोह गांव से अरावली की पहाड़ियों तक पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इस पाइपलाइन के जरिए नाहरपुर कासन स्थित जल शोधन संयंत्र से निकलने वाले वेस्ट पानी को पहाड़ी तक पहुंचाया जाएगा। वहां से यह पानी धीरे-धीरे जमीन में समाएगा और बहकर गांव के जोहड़ तक पहुंचेगा। जोहड़ में पानी भरने से इलाके का भूमिगत जल स्तर बढ़ने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से गांव में पानी की कमी को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। वेस्ट पानी के उपयोग से न केवल जमीन के नीचे पानी का स्तर बढ़ेगा, बल्कि अरावली की पहाड़ियों में भी हरियाली बढ़ने की संभावना है। इससे पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा। वर्तमान समय में खोह गांव में पानी की स्थिति काफी गंभीर है। गांव का भूमिगत जल स्तर 1000 फुट से भी नीचे पहुंच चुका है। इसके कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम की तरफ से गांव में केवल पांच पानी के टैंकर ही भेजे जाते हैं, जो गांव की जरूरत के हिसाब से काफी कम हैं। गांव की आबादी ज्यादा होने के कारण कई लोगों को अपने पैसों से निजी टैंकर मंगवाने पड़ते हैं। अब गर्मियों का मौसम भी शुरू हो गया है, जिससे पानी की मांग और बढ़ने लगी है। ऐसे में ग्रामीणों को उम्मीद है कि नई पाइपलाइन योजना से आने वाले समय में गांव में पानी की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
वर्जन
गांव में पाइपलाइन बिछाने का काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस पूरे कार्य के लिए एस्टीमेट बना लिया गया है। इस योजना से गांव में पीने के पानी की समस्या भी कम होगी और इलाके में भूमिगत जल स्तर भी बढ़ेगा। -हितेंद्र कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम मानेसर
गांव में पीने के पानी की काफी कमी है, इसलिए कई लोग पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं। गांव का भूमिगत जलस्तर भी 1000 फुट से नीचे पहुंच चुका है। ऐसे में नगर निगम की इस योजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। उम्मीद है कि इस योजना से गांव में पानी की समस्या कुछ हद तक कम हो सकेगी। -रविंद्र, पार्षद वार्ड नंबर 13
[ad_2]
Gurugram News: खोह गांव में पानी संकट से राहत की उम्मीद


