[ad_1]
तीन आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ का कारोबारी है मुख्य आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपहरण के बाद नगर निगम के सफाई सुपरवाइजर से मारपीट कर उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी से अवैध संबंध के शक में इस घटना को अंजाम दिया था। मुख्य आरोपी कबाड़ का कारोबारी है। इस मामले में न्यू कॉलोनी थाने में अपहरण व हत्या की धाराओं में केस दर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 28 अगस्त को थाना न्यू कॉलोनी में अस्पताल से एक सूचना मिली थी कि मारपीट में घायल होकर धनकोट निवासी एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना न्यू कॉलोनी ने पीड़ित की पहचान कर उसके पारिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया था। क्राइम ब्रांच-10 के इंचार्ज एसआई प्रमोद की टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को बसई से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पंकज(19) निवासी जैकमपुरा, विकास (30) निवासी नांगलोई दिल्ली, जितेश (19) निवसी जैकमपुरा के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पंकज व जितेश ने मुख्य आरोपी रामबीर के साथ मिलकर अपहरण की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों आरोपी सुपरवाइजर की रेकी करने व मारपीट की वारदात में शामिल थे। तीनों आपस में दोस्त हैं और एक दूसरे को जानते हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि नामजद आरोपी रामबीर को अपनी पत्नी व मृतक के बीच अवैध संबंधों का शक था। जिसके चलते रामबीर ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। मृतक नगर निगम गुड़गांव में सुपरवाइजर की नौकरी करता था व आरोपी रामवीर कबाड़ कारोबारी है।
[ad_2]
Gurugram News: अवैध संबंध के शक में की थी एमसीजी के सुपरवाइजर की हत्या



