[ad_1]
फतेहाबाद। जिले में पिछले कई दिनों से मौसम परिवर्तनशील है। इस कारण शीतकाल के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। इस कारण रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ते तापमान के कारण लोगों को अक्तूबर में भी उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी है। ऐसे में जिले में अभी तक लोग गर्मी से राहत पाने के लिए एसी, कूलर और पंखों का सहारा ले रहे हैं।
इन दिनों धान और नरमे की फसल की पककर तैयार हो चुकी है। ऐसे में किसान उमस भरी गर्मी में फसलों की कटाई करने में लगे हैं। जिले के किसान रामकुमार, लाधुराम, बलबीर, बलिंद्र, राम सिंह, महेंद्र और मांगे राम आदि ने बताया कि गर्मी ज्यादा होने के कारण फसलों की कटाई करने में परेशानी होती है। ऐसे में दोपहर के समय काम को छोड़कर आराम करना पड़ता और शाम तीन बजे के बाद ही काम पर लग पाते हैं। इस कारण फसलों की कटाई में अधिक समय लग रहा है।
सहायक कृषि अधिकारी डॉ. बहादुर सिंह ने बताया कि यदि अब बारिश होती है तो धान की फसल बिछ सकती है जिससे दाना नीचे गिर सकता है। इससे उत्पादन में कमी हो सकती है। बारिश से सरसों की फसल की बिजाई प्रभावित हो सकती है।
जिले में आठ अक्तूबर तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। सोमवार तक बीच-बीच में हवाएं और गरज, चमक के साथ कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहने और वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने की संभावना है। – डॉ. मदन लाल खिचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।
[ad_2]