Fatehabad News: शिविर में 250 पुलिसकर्मियों का जांचा गया स्वास्थ्य, 60 फीसदी शुगर-बीपी से मिले ग्रस्त Haryana Circle News

[ad_1]

फतेहाबाद। पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर में चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। जांच में शामिल लगभग 60 प्रतिशत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शुगर व उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मिले। इस स्थिति ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के बारे में चिंता पैदा कर दी है।

शिविर में जिले के विभिन्न थानों और इकाइयों से आए करीब 250 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच की। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई, ईसीजी, हृदय परीक्षण और सामान्य शारीरिक जांच की गई। बीमार पाए गए पुलिसकर्मियों को मौके पर दवाइयां दी गईं और जीवनशैली सुधारने संबंधी जरूरी सुझाव भी दिए गए।

स्वास्थ्य शिविर में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर का शुभारंभ किया, पुलिसकर्मियों से संवाद किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दबाव और अनियमित दिनचर्या का सीधा असर पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

शिविर सद्भावना अस्पताल के सहयोग से लगाया गया। चिकित्सकीय टीम में डॉ. अंशुल सहगल, डॉ. मनोज चालिया और डॉ. शुभम महतानी शामिल रहे। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर जांच और सतर्कता से इन बीमारियों पर नियंत्रण संभव है।


बीपी और शुगर पर कंट्रोल जरूरी :

डॉ. अंशुल सहगल ने पुलिसकर्मियों को स्वस्थ रहने के लिए टिप्स देते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन बेहद जरूरी है। उन्होंने नमक व चीनी के सीमित सेवन, धूम्रपान से दूरी, रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। डॉ. अंशुल सहगल ने बताया कि ड्यूटी के साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें और बीपी व शुगर को नियंत्रण में रखे। जांच के दौरान सबसे ज्यादा बीपी और शुगर से ही पीड़ित मिले हैं, ऐसे में इन पर नियंत्रण जरूरी है। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक शहर एवं भूना नर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक साइबर एवं भट्टू कलां संजय कुमार भी मौजूद रहे।


विभाग की सबसे बड़ी ताकत पुलिसकर्मी हैं। उनके स्वास्थ्य व कल्याण के लिए शिविर लगाए जाते हैं और जागरूक भी किया जाता है। अगर हम स्वस्थ होंगे तो बेहतर ड्यूटी कर पाएंगे। शारीरिक रूप से स्वस्थ होना बहुत जरूरी है।

-सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक

[ad_2]