[ad_1]
फतेहाबाद। शहर में शादियों के सावे के साथ ही फूलों की बिक्री में तेजी देखी जा रही है। इस महीने में 12 से अधिक शुभ मुहूर्त होने के कारण फूलों की मांग पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। 26 फरवरी तक के लिए फूलों की बुकिंग शुरू हो चुकी है और शहर के दुकानदार दिल्ली से नियमित सप्लाई मंगवा रहे हैं।
संन्यास आश्रम रोड के फूल विक्रेता श्याम, दीपक, कपूर और राजेराम ने बताया कि गाजीपुर फूल मंडी और आसपास के बाजारों से ताजे फूल शहर में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस सीजन में विदेशी फूलों के साथ-साथ भारतीय गुलाब, गेंदा और रजनीगंधा की मांग भी काफी बढ़ गई है। इतनी अधिक मांग के कारण दिल्ली से प्रतिदिन फूलों की खेप जिले में पहुंच रही है।
शादियों में इको-फ्रेंडली और प्राकृतिक सजावट का चलन बढ़ा है। दूल्हा-दुल्हन की गाड़ियों, स्टेज और मंडप की सजावट में प्लास्टिक या कृत्रिम फूलों के बजाय ताजे फूलों का उपयोग प्राथमिकता पा रहा है। ऑर्किड, जरबेरा, कॉर्नेशन और डच गुलाब का इस्तेमाल शादियों में बढ़ गया है, जिससे समारोह अधिक आकर्षक और जीवंत दिखाई देता है। दुकानदारों ने कहा कि इस बढ़ती मांग से फूलों के व्यवसाय को मजबूती मिली है।
चार गुना तक बढ़ीं कीमतें
मांग और सीमित आपूर्ति के कारण फूलों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। जो फूलों का बंडल सामान्य दिनों में 200 रुपये का मिलता था, उसकी कीमत अब 800 रुपये तक पहुंच गई है। इस माह वेलेंटाइन वीक और शादी मुहूर्त एक साथ होने के कारण गुलाब के फूलों के दाम में वृद्धि दर्ज की गई है। शादियों की अधिकता के साथ-साथ खराब मौसम के कारण उत्पादन पर भी असर पड़ा है, इससे मंडियों में माल कम पहुंच रहा है। फरवरी के अंत तक बाजार इसी तरह महकता रहेगा और कीमतें ऊंची बनी रहने की संभावना है।
[ad_2]



