Fatehabad News: बैठक में पार्षद बोले- नहीं पहुंच रही कचरा उठान गाड़ी Haryana Circle News

[ad_1]

फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को वार्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और जनभागीदारी पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता उपप्रधान सविता टुटेजा ने की। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन के इंचार्ज कुमार सौरभ सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

बैठक में पार्षदों और समिति सदस्यों ने वार्ड स्तर की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर अपने सुझाव रखे। उपप्रधान सविता टुटेजा ने कहा कि वार्ड समिति नागरिकों और नगर परिषद के बीच मुख्य कड़ी है। जब तक स्थानीय स्तर पर निगरानी मजबूत नहीं होगी, तब तक शहर की योजनाएं पूरी तरह सफल नहीं हो सकतीं।

स्वच्छ भारत मिशन के इंचार्ज कुमार सौरभ ने स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ क्षेत्रों में कचरा गाड़ियां नियमित नहीं पहुंच रही हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

इस पर अधिकारियों ने रूट मैपिंग में सुधार कर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही बड़े कचरा उत्पादकों के लिए विशेष प्रबंधन योजना बनाने पर भी चर्चा हुई। अंत में निर्णय लिया गया कि वार्ड स्तर पर नियमित बैठकें कर समस्याओं की समीक्षा की जाएगी और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

[ad_2]