Fatehabad News: तालाब और पंचायती भूमि से कब्जे हटाने की तैयारी, एसडीएम ने ढाणी सांचला व ढाणी भोजराज का किया निरीक्षण Haryana Circle News

[ad_1]

भूना। एसडीएम टोहाना आईएएस आकाश शर्मा ने मंगलवार को ग्राम पंचायत ढाणी सांचला और ढाणी भोजराज में स्थित तालाबों और पंचायती भूमि पर अवैध कब्जों के मामलों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई उनके न्यायालय में विचाराधीन याचिकाओं पर निर्णय से पहले की गई, ताकि जमीनी हकीकत का आकलन किया जा सके।

ग्राम पंचायत ढाणी सांचला में स्थित दो प्रमुख तालाबों पर कई परिवारों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, जिससे न केवल पंचायत की भूमि प्रभावित हुई है, बल्कि वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। पंचायत की ओर से इन अवैध कब्जों को हटाने के लिए एसडीएम की अदालत में याचिका दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई जारी है।

वहीं, ग्राम पंचायत ढाणी भोजराज में भी पंचायती भूमि पर सात अवैध कब्जे पाए गए हैं। पंचायत का आरोप है कि संबंधित परिवारों ने बिना अनुमति के भूमि पर कब्जा कर लिया और उस पर अपना अधिकार जताया। एसडीएम ने इन मामलों की भी सुनवाई की और मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कब्जे की स्थिति, भूमि की सीमाएं और रिकॉर्ड की जांच की। एसडीएम ने सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया और आवश्यक तथ्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

पंचायत प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई है कि अवैध कब्जों से पंचायत की भूमि को मुक्त कराया जाएगा, जिससे सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर कार्यवाहक समाज शिक्षा अधिकारी पुनीत सिहाग, ग्राम सचिव मनीषा दहिया, मिंटू कुमार, ढाणी भोजराज की सरपंच ज्योति देवी और ढाणी सांचला के सरपंच राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

[ad_2]