फतेहाबाद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के लिए बैठक करते अधिकारी।
फतेहाबाद। बच्चों व किशोरों में पेट में कीड़े के कारण होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाएगा। इस दिन जिले के 2.93 लाख बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। सरकारी स्कूलों के 1.21 बच्चों को ये गोली खिलाई जानी है। इसके अलावा निजी स्कूलों के 99,715 बच्चे भी इसमें शामिल होंगे। वंचित विद्यार्थियों को विभाग 24 सितंबर को गोली खिलाएगा।
गोली खिलाए जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसको लेकर आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, एमपीएचडब्ल्यू की टीमें बनाई गई है। विशेषज्ञों की माने तो 1 से 2 साल तक के बच्चे को आधी और दो साल से ऊपर के बच्चे को पूरी गोली खिलाई जाएगी। गोली को लेकर कोई भ्रांति न रहे इसलिए अधिकारी और शिक्षक भी इसे खाएंगे।
इन बच्चों को खिलाई जाएगी गोली
संस्थान बच्चे व किशोर
आंगनबाड़ी – 52,638
सरकारी स्कूल 1,21,235
निजी स्कूल 99,715
क्रेच 221
प्ले स्कूल 2,449
कॉलेज 8,458
स्लम एरिया 7,358
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाने का उद्देश्य है बच्चों में बढ़ रही कृमि संक्रमण को रोकना और इससे बचाव के प्रति जागरूकता करना है। लोगों से अपील है कि अपने बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली जरूर खिलाएं। – डॉ. महेंद्र भादू, सिविल सर्जन, फतेहाबाद।
बच्चों में पेट के कीड़ों से खून की कमी से एनीमिया हो जाता है। बच्चों की बढ़ोतरी भी प्रभावित होती है। इन कीड़ों की रोकथाम के लिए एलबेंडाजोल की गोली खिलाई जाती हैं। अभिभावक अपने बच्चों को सफाई के प्रति भी जागरूक करें। – डॉ. लाजवंती गौरी, उप सिविल सर्जन, फतेहाबाद।