Fatehabad News: एसडीएम कोर्ट के आदेश पर लाल डोरे की गली से हटाया अवैध कब्जा Haryana Circle News

[ad_1]

भूना। गांव चंद्रावल में शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट के आदेश पर लाल डोरे की गली से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी पक्ष ने शौचालय, बाथरूम, पानी की टंकी, बाउंड्री वॉल और गेट को हटाना शुरू कर दिया था। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं पंचायती राज के एसडीओ बलवान सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

गांव चंद्रावल निवासी कृष्ण कुमार पावड़िया ने पंचायत की लाल डोरे की गली पर अवैध कब्जे की शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कमलेश पत्नी कुलदीप सिंह के परिवार ने गली की जमीन पर निर्माण कर रास्ता बाधित कर रखा है जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से इस मामले को लेकर सरपंच से लेकर उच्च अधिकारियों तक लिखित शिकायत कर चुका था। इसके अलावा सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। वहीं आरोपी पक्ष ने कार्रवाई से बचने के लिए एसडीएम कोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट में दोनों पक्षों के दस्तावेजों और तर्कों को सुनने के बाद पंचायत की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के आदेश जारी किए गए।

इसके तहत शुक्रवार को प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सरपंच शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कृष्ण कुमार लंबे समय से इस कब्जे को हटाने की मांग कर रहा था। कोर्ट के आदेश मिलने के बाद ही प्रशासन ने कार्रवाई की। अब गली को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है। सब इंस्पेक्टर अजीत सिंह ने बताया कि बिना विवाद के कब्जा धारी पक्ष ने खुद आकर अपना कब्जा हटा लिया। जिससे किसी प्रकार के टकराव की स्थिति नहीं बनी।

भूना। चंद्रावल गांव में एसडीएम कोर्ट के आदेश पर लाल डोरे की गली से अवैध कब्जा हटाते कब्जाधारी।

[ad_2]