[ad_1]
फतेहाबाद। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के निजी स्कूलों में सत्र 2026-27 में निशुल्क दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को एंट्री लेवल कक्षाओं की खाली सीटों का विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसकी अंतिम तिथि मंगलवार 17 मार्च निर्धारित की गई है। इसके बाद 31 मार्च से विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी निजी स्कूलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सीटों का पूरा विवरण देना अनिवार्य है। तय समय तक जानकारी उपलब्ध न कराने वाले स्कूलों पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है। स्कूलों को मान्यता प्रमाणपत्र की वैध प्रति भी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। गलत जानकारी, एक्सपायर या फर्जी प्रमाणपत्र अपलोड होने की स्थिति में विभाग एमआईएस एक्सेस निलंबित कर सकता है और मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।
स्कूलों को केवल एंट्री लेवल कक्षा की सीटों का ही विवरण देना होगा। यदि एंट्री लेवल कक्षा नर्सरी है तो केवल नर्सरी की सीटों की संख्या दर्ज की जाएगी। इसी प्रकार एलकेजी होने पर एलकेजी, यूकेजी होने पर यूकेजी और पहली कक्षा एंट्री लेवल होने की स्थिति में केवल पहली कक्षा की सीटों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार सीटों का सही विवरण मिलने के बाद निर्धारित तिथि से विद्यार्थियों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इस प्रक्रिया से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ने का अवसर मिलेगा।
–
कुल सीटों का 25 प्रतिशत करना होगा दाखिला
आरटीई के तहत आरक्षित सीटों के रूप में प्रदर्शित करेगा। आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग में आने वाले को स्टेटस का प्रमाणपत्र भी अपलोड करना होगा। यदि कोई स्कूल किसी भी एंट्री लेवल कक्षा में सीट घोषित करता है तो उनमें से 25 प्रतिशत सीटें लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से आवंटित की जाएंगी। इसके अलावा जिन स्कूलों में प्राथमिक कक्षाएं (पहली से पांचवीं) नहीं हैं उन्हें भी पोर्टल पर इसकी स्पष्ट जानकारी देनी होगी।
–
ऐसे रहेगी दाखिले की प्रक्रिया
11 से 17 मार्च तक स्कूलों को पोर्टल पर देनी होगी खाली सीटों की जानकारी
18 से 24 मार्च तक दस्तावेजों की जांच
25 से 30 मार्च तक सीटों और दस्तावेजों का सत्यापन
31 मार्च से 7 अप्रैल तक दाखिले के लिए आवेदन
9 अप्रैल को निकलेगा ड्रॉ
10 से 23 अप्रैल तक चयनित विद्यार्थियों का दाखिला
30 अप्रैल से 4 मई तक प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों का दाखिला
–
आरटीई के तहत निजी स्कूलों से खाली सीटों की सूची मांगी गई है। मंगलवार को सूची आने का आखिरी दिन है। खाली सीटों पर विभाग के नियम अनुसार विद्यार्थी दाखिला ले पाएंगे।
-अनीता बाई, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी
[ad_2]




