Fatehabad News: बिजली निगम ने शुरू की पेड़ों की छंटाई, उपभोक्ताओं मिलेगी अघोषित कटों से निजात Haryana Circle News

[ad_1]

फतेहाबाद। बिजली निगम ने खंभों और तार को छू रही पेड़ों की टहनियों की कटाई का काम शुरू कर दिया है। इससे बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाने और ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद हैं। इन टहनियों की छंटाई का काम करीब एक साल पहले किया गया था, जिससे अब फिर इन तारों को टहनियां छूने लगी हैं।

शहर के बीघड़ रोड, भट्टू रोड और रतिया रोड पर पेड़ों की टहनियां बिजली की तार छू रही हैं। इस कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इससे हल्की हवा चलने या बारिश होने पर शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। बिजली निगम के कर्मचारियों के अनुसार पेड़ों की टहनियां तार के लिए समस्या हैं। ये न केवल बिजली चोरी या लाइन लॉस का कारण बनती हैं, बल्कि दुर्घटनाओं के जोखिम को भी बढ़ाती हैं।

इसके अलावा, सर्दियों का मौसम शुरू होते ही, ओस का पानी जब इन टहनियों से होता हुआ तार पर गिरता है, तो यह नमी के कारण ट्रिपिंग का कारण बनता है। इससे बिजली उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है।


एक माह तक जारी रहेगा काम

बिजली निगम ने इस आवश्यक कार्य को पूरा करने का काम जारी है। टहनियों की कटाई का यह काम अगले एक माह तक चलेगा। इस दौरान, सुरक्षा और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए, निगम को संबंधित फीडरों पर दिन के समय बिजली की आपूर्ति बंद रखनी पड़ेगी। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा, पेड़ों की छंटाई का काम लगभग सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच किया जाएगा। इस अवधि में शहर की विभिन्न कॉलोनियों में बारी-बारी से निर्धारित बिजली के कट लगेंगे।


निगम ने उपभोक्ताओं से की अपील

बिजली निगम के सिटी एसडीओ रविंद्र कुमार ने बताया कि टहनियों की कटाई का काम जारी होने के चलते बिजली बाधित रहेगी। निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति के लिए टहनियों की कटाई का काम अत्यंत आवश्यक है। इसके बाद, न केवल बिजली ट्रिपिंग की समस्या खत्म होगी, बल्कि ट्रांसफार्मरों पर अनावश्यक लोड भी कम होगा और बिजली के उपकरण भी सुरक्षित रहेंगे। सभी उपभोक्ताओं से अपील है कि वे इस दौरान निगम के कर्मचारियों का सहयोग करें और बिजली कटौती के कारण होने वाली असुविधा के लिए संयम बनाए रखें। बिजली निगम में बार-बार फोन न करें।

[ad_2]