[ad_1]
Last Updated:
Faridabad Jobs: आईएमटी फरीदाबाद में इंडस्ट्री और रोजगार को बढ़ावा देने वाला बड़ा आयोजन शुरू हो गया है. करीब 250 कंपनियां और 300 से अधिक स्टॉल लगे हैं. यहां युवाओं के लिए प्लेसमेंट, मुफ्त कृत्रिम अंग, ई-रिक्शा और किफायती प्रोडक्ट उपलब्ध हैं. कंपनियों और युवाओं में खासा उत्साह दिख रहा है.
फरीदाबाद. हरियाणा में आईएमटी फरीदाबाद में इंडस्ट्री और रोजगार को बढ़ावा देने वाला बड़ा आयोजन शुरू हो गया है. सुबह से ही यहां चहल-पहल बनी हुई है. दूर-दूर से कंपनियां और युवा यहां पहुंचे हैं. हर तरफ स्टॉल ही स्टॉल नजर आ रहे हैं जहां मशीनरी से लेकर घर में इस्तेमाल होने वाले कई तरह के प्रोडक्ट तक प्रदर्शित किए जा रहे हैं. युवाओं में खासा उत्साह दिख रहा है क्योंकि यहां रोजगार के कई अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
Local18 से बातचीत में एसोसिएशन के चेयरमैन वेदपाल दलाल ने बताया कि इस बार करीब ढाई सौ कंपनियां यहां पहुंची हैं जिनमें गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद और दिल्ली-एनसीआर की बड़ी कंपनियां भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि यह पांचवां आयोजन है और लोगों की मांग पर इसे एक दिन और बढ़ाया गया है. पहले तीन दिन रखते थे इस बार चार दिन का किया है ताकि कंपनियों और लोगों को अधिक समय मिल सके. सभी खुश हैं और मौके भी ज्यादा मिल रहे हैं.
आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद के प्रधान प्रमोद राणा ने बताया कि यहां करीब 300 इंस्टॉल लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के लिए प्लेसमेंट सेल का भी स्टॉल लगाया गया है जहां लगातार इंटरव्यू और नियुक्तियां की जा रही हैं. इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग और बैटरी से चलने वाली ई-रिक्शा भी बिल्कुल मुफ्त में बांटी जा रही है. जिसका हाथ या पैर कटा हुआ है उसे यहां फ्री में कृत्रिम अंग लगाया जा रहा है. यह सेवा हम हर साल देते हैं और इस बार हम अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ रहे हैं.
आयोजन से जुड़े देवेंद्र गोयल का कहना है कि यह इवेंट कंपनियों और युवाओं दोनों के लिए बेहद उपयोगी है. उन्होंने बताया कि यहां कंपनियां अपने प्रोडक्ट बहुत कम दामों पर उपलब्ध करा रही हैं और अच्छा व्यापार भी कर रही हैं. वहीं सीनियर वाइस प्रेसिडेंट काजींद्र सेखों ने कहा कि इस बार लोगों की दिलचस्पी पहले से कहीं ज्यादा है. यहां जितने भी प्रोडक्ट हैं सब मेड इन इंडिया हैं. यह हमारे उद्योगों की ताकत दिखाता है.
आईएमटी फरीदाबाद से जुड़े तेज चौधरी ने बताया कि यहां का इंडस्ट्रियल एरिया नए अवसरों का बड़ा केंद्र बन गया है. उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे जॉब फेयर आयोजित किए जाते हैं ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके. लोकल लोगों को नौकरी न देने की बात पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक भ्रम है. हम हरियाणा, यूपी, बिहार सब जगह के लोगों को रोजगार देते हैं. अगर कोई अच्छा काम करता है तो उसे नौकरी जरूर मिलती है. बदमाशी करने वाले को कोई भी काम नहीं देगा चाहे वह लोकल हो या बाहर का. हमारा प्रयास रहता है कि लोकल युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर मिलें.
About the Author
Results-driven journalist with 14 years of experience in print and digital media. Proven track record of working with esteemed organizations such as Dainik Bhaskar, IANS, Punjab Kesari and Amar Ujala. Currently…और पढ़ें
[ad_2]


