Charkhi Dadri News: 1.17 करोड़ की लागत से काठ मंडी सड़क का होगा नवनिर्माण, हजारों लोगों को मिलेगी राहत Latest Haryana News

[ad_1]

चरखी दादरी। शहर की करीब 100 वर्ष पुरानी काठ मंडी की जर्जर हाल सड़क का लंबे इंतजार के बाद कायाकल्प होने जा रहा है। करीब 1.17 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का नए सिरे से निर्माण करवाया जाएगा। शनिवार को दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने सड़क के नवनिर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी, वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट सहित कई पार्षद व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

शहर में करीब 100 वर्ष पहले काठ मंडी का निर्माण किया गया था। मौजूदा समय में यहां काफी संख्या में दुकानें हैं। विधायक सांगवान ने बताया कि काठ मंडी रोड का निर्माण वर्ष 2009 में करवाया गया था लेकिन समय के साथ इसकी स्थिति जर्जर होती चली गई। अब 17 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा जिससे शहर के यातायात में सुधार होगा और लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दादरी के विकास को लेकर निरंतर प्रयासरत है। अब तक क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं लागू की जा चुकी हैं और आने वाले समय में और भी योजनाओं को सिरे चढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी इस परियोजना का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य तय समय में पूरा होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस मौके पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष रितू गोयल, पार्षद नवीन प्रजापति, पार्षद विक्रम श्योराण, पार्षद विनोद वाल्मीकि, पार्षद सतवीर चौहान, पार्षद कुलदीप सैनी, धर्मबीर सैनी, पार्षद नवीन बिंदल, पार्षद प्रतिनिधि मितेश गोयल, प्रवीन सैनी, सतीश बजाज आदि भी मौजूद रहे।

व्यापार का मुख्य केंद्र है काठ मंडी

काठ मंडी दादरी शहर के व्यापार का मुख्य केंद्र है। यहां पर लकड़ियों के साथ-साथ सैनिटरी, निर्माण सामग्री, लोहे की चौखट, गेट आदि से संबंधित भी दर्जनों दुकानें हैं। ऐसे में यहां सुबह से ही ग्राहकों का आवागमन शुरू हो जाता है। ग्रामीण क्षेत्र से भी काफी संख्या में लोग यहां खरीदारी के लिए आते हैं। इनके अलावा दादरी शहर के हजारों लोग भी इसी मार्ग से होते हुए मेन बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में जाते हैं लेकिन मौजूदा समय में सड़क की हालत बेहद जर्जर होने के कारण हर रोज लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

[ad_2]
Charkhi Dadri News: 1.17 करोड़ की लागत से काठ मंडी सड़क का होगा नवनिर्माण, हजारों लोगों को मिलेगी राहत