Charkhi Dadri News: सुबह से निकली तेज धूप से मिली राहत Latest Haryana News

[ad_1]

चरखी दादरी। पिछले तीन दिनों से लगातार तेज धूप निकलने से लोगों ने सर्दी से थोड़ी राहत महसूस की है। लगातार धुंध और ठंड के कारण ठिठुर रहे लोगों के लिए वीरवार सुबह की धूप किसी संजीवनी से कम नहीं रही। धूप निकलते ही बाजारों, गलियों और खुले स्थानों पर लोग धूप सेंकते नजर आए। हालांकि तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन धुंध न रहने और मौसम साफ होने से लोगों को ठंड का असर कम महसूस हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन में काफी कम माना जा रहा है। रात के समय हल्की धुंध जरूर देखने को मिली, लेकिन पिछले दिनों की तरह घनी धुंध नहीं छाई। इससे सड़क व रेल यातायात भी सामान्य बना रहा और लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं उठानी पड़ी।

सुबह तेज धूप निकलने से बुजुर्गों, बच्चों और कामकाजी लोगों को राहत मिली। पिछले कई दिनों से लगातार ठंड और धुंध के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर थे। धूप निकलते ही पार्कों, घरों की छतों और सड़कों के किनारे कुर्सियां डालकर लोग धूप का आनंद लेते दिखे। खासकर बुजुर्गों ने धूप में बैठकर ठंड से राहत महसूस की।

किसानों को भी राहत

तापमान में गिरावट के कारण सुबह व देर शाम ठंड का असर बना रहा। ठंडी हवाओं के चलते लोग गर्म कपड़ों में ही नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की ओर जाने वाले किसान भी पूरी तरह गर्म कपड़ों से लैस दिखाई दिए। धूप निकलने से जहां फसलों को नुकसान का खतरा कुछ कम हुआ, वहीं किसानों ने भी राहत की सांस ली।

स्वास्थ्य पर ध्यान रखने की जरूरत

मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। दिन में धूप और रात में अधिक ठंड लोगों की सेहत पर विपरीत असर डाल रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

बाजारों में छाई रौनक

बाजारों में भी धूप निकलते ही रौनक देखने को मिली। पिछले कुछ दिनों से धुंध के कारण बाजारों में कम भीड़ नजर आ रही थी, लेकिन बुधवार को दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी। चाय, कॉफी और गर्म खाद्य पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ दिखी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रह सकता है। रात के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है, जबकि सुबह-शाम ठंडी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

[ad_2]
Charkhi Dadri News: सुबह से निकली तेज धूप से मिली राहत