[ad_1]
चरखी दादरी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी विज्ञापन और नकली पुलिस अधिकारी बनकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी दिशांत पहाड़गंज, स्वामी रामतीर्थ नगर, दिल्ली हाल न्यू गोपाल नगर, नजदीक रामा पब्लिक स्कूल, नजफगढ़ (दिल्ली) का रहने वाला है
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव नौसवा निवासी आनंद कुमार ने 31 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 अक्तूबर 2025 को वह फेसबुक चला रहा था जहां उसे आईफोन खरीदने का एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से संदेश आया जिसमें पहले 2000 रुपये जमा करवाने को कहा गया और 1900 रुपये रिफंड का लालच दिया गया। आनंद कुमार ने बताए अनुसार फोन-पे के माध्यम से 2000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने जीएसटी के नाम पर 7110 रुपये और मांगे जो पीड़ित ने यूपीआई के जरिए भेज दिए। इसके बाद आरोपी लगातार अलग-अलग बहानों से पैसे मांगता रहा और पीड़ित उसे रकम भेजता रहा।
18 अक्तूबर 2025 को पीड़ित के पास व्हाट्सएप कॉल आई जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को विक्रम राठौड़, क्राइम ब्रांच दिल्ली का अधिकारी बताया। उसने कहा कि जे जे कम्युनिकेशन की ओर से उसके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है और खाते फ्रीज होने का डर दिखाया। केस से नाम हटाने के नाम पर आरोपी ने 37,000 रुपये और ठग लिए। इस तरह आरोपी ने डर और झांसे में लेकर कुल 3,27,000 रुपये और ट्रांसफर करवा लिए।
जब आरोपी ने 1 लाख रुपये की और मांग की तो पीड़ित को शक हुआ और उसने अपने रिश्तेदार से बात की। तब उसे पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। इस पूरे घटनाक्रम में आरोपी ने कुल 4,05,110 रुपये की ठगी की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जिस यूपीआई नंबर पर पैसे ट्रांसफर किए गए थे, वह मोबाइल नंबर आरोपी दिशांत के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया।
रविवार को साइबर क्राइम थाना की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच जारी है।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: फर्जी पुलिस अधिकारी बन चार लाख से अधिक की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार




