Charkhi Dadri News: नारनौल राज्य स्तरीय समारोह में दादरी डिपो से भेजी 46 बसें, बस स्टैंड पर यात्री रहे परेशान Latest Haryana News

[ad_1]

चरखी दादरी। नारनौल में आयोजित राज्यस्तरीय महाराजा शूर सैनी समारोह के लिए रविवार को दादरी से 46 रोडवेज बसें भेजने के बाद यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभिन्न रूटों पर जाने वाले यात्रियों को काफी देर तक बूथ पर खड़े रहकर बसों का इंतजार करते रहे। इसके अलावा लंबी दूरी पर जाने वाले यात्री भी इधर-उधर भटकते नजर आए। परेशान यात्रियों ने सरकार से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने की मांग की ताकि उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े।

रविवार को नारनौल में आयोजित महाराजा शूरसैनी समारोह स्थल तक लोगों को पहुंचाने के लिए दादरी रोडवेज डिपो की ओर से 46 बसों को रवाना किया गया था। बसों की व्यवस्था करने के लिए विभाग ने लंबे रूटों पर चलने वाली नागौर, सीकर, भिवानी-जयपुर रूट से एक-एक और अलवर व दिल्ली रूट से दो-दो बसों को को हटा कर व्यवस्था की गई थी।

इनके अलावा विभाग के अधिकारियों ने लोकल रूटों से बसों के दो से तीन फेरे कम कर अन्य रूटों पर यात्रियों के लिए बसों की व्यवस्था की। उसके बावजूद बस स्टैंड पर यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

40 हजार यात्रियों के लिए अपर्याप्त रही 77 बसें

दादरी रोडवेज डिपो की 123 बसों में प्रतिदिन करीब 40 हजार यात्री यात्रा करते हैं, लेकिन रविवार को 46 बसों के नारनौल जाने के बाद 77 बसें यात्रियों के लिए अपर्याप्त साबित हुईं। हालांकि रविवार को अवकाश होने के चलते सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही, लेकिन वैवाहिक सीजन के चलते काफी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए दादरी के बाजारों में आ रहे हैं। ऐसे में बस स्टैंड पर रविवार को भी काफी भीड़ दिखी।

क्या बोले यात्री

बस स्टैंड पर बसों का इंतजार कर रहे यात्री रामकुमार, प्रदीप, राकेश, संदीप, कमला देवी, राजरानी, सुदेश आदि ने बताया कि पहले भी दूसरे जिलों में अनेक समारोह का आयोजन होता था, उस समय लोगों को आयोजनों में ले जाने के लिए निजी वाहनों का प्रयोग किया जाता था, लेकिन अब रोडवेज बसों को भेजा जाता है। जिससे यात्री परेशान होते हैं।

कोसली के समीप गांव में रिश्तेदार के घर शादी समारोह में जाने के लिए बस स्टैंड पर आया था, लेकिन एक घंटा बीतने के बाद भी कोसली जाने वाली बस बूथ पर नहीं लगी है। इस रूट पर जाने वाले यात्री बस आने का इंतजार कर रहे है।- यात्री लाजपत, गांव ढाणी फोगाट निवासी।

बहु झोलरी जाने वाली बस का समय दोपहर सवा 12 बजे का बताया गया है, लेकिन एक बजे तक भी बस बूथ पर नहीं लगी है। इसलिए साथ आए छोटे बच्चे व बुजुर्ग मां को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।- यात्री लखपति देवी

वर्जन :

परिवहन विभाग की ओर से यात्रियों के लिए पर्याप्त बसें लगाई गई हैं। कई रूटों पर सात से आठ फेरे बढ़ाए गए है। इसके अलावा डिपो परिसर में अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया गया है, ताकि बूथों पर खड़े यात्रियों के लिए बसों को लगवाया जा सके।- संजय फोगाट, ड्यूटी प्रभारी, दादरी रोडवेज डिपो।

[ad_2]
Charkhi Dadri News: नारनौल राज्य स्तरीय समारोह में दादरी डिपो से भेजी 46 बसें, बस स्टैंड पर यात्री रहे परेशान