[ad_1]
चरखी दादरी। जिले की गैस एजेंसियों की ओर से पिछले तीन दिनों में भले ही छह हजार से अधिक उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर जारी कर दिए गए हैं लेकिन एजेंसियों के सामने सुबह 9 बजे से पहले ही भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। हालात ऐसे बन जाते हैं कि नंबर लगाने के लिए भीड़ में झगड़े की नौबत तक आ जाती है। इससे कतार में लगे अन्य लोगों के साथ-साथ एजेंसी प्रबंधकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। झगड़े को ज्यादा बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को बीच बचाव करना पड़ रहा है। कतार में खड़े उपभोक्ताओं का कहना है कि वीरवार को एजेंसी में गैस सिलिंडर की आपूर्ति न होने से शुक्रवार को भीड़ अधिक हो गई।
जिला प्रशासन भले ही गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त सिलिंडर होने का दावा कर रहा हो लेकिन एजेंसियों के सामने लगने वाली भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। हालात ऐसे बने हैं कि बारिश में भीगने के बाद भी लोग लाइन को नहीं छोड़ना चाहते। पूर्ण मार्केट स्थित दादरी गैस सर्विस के बाहर महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतार के बावजूद उपभोक्ताओं में आपसी झगड़ा होता रहता है।
एजेंसी प्रबंधकों का कहना है कि उपभोक्ताओं को ओटीपी नंबर मिलने के बाद गैस सिलिंडर दिया जाता है। इसके लिए उपभोक्ता का ई-केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट होना जरूरी है। जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले की आठ गैस एजेंसियो ने पिछले तीन दिन में 6,109 उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर जारी किए हैं। एजेंसियों को वितरण के लिए उपभोक्ताओं की संख्या अनुसार गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
क्या बोले उपभोक्ता
चार दिन पहले घर में गैस सिलिंडर खत्म हो गया था। उस दौरान पड़ोसियों से सिलिंडर उधार में लेकर खाना बनाया था। पड़ोसी को सिलिंडर वापस देने के लिए पिछले तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहा हूं लेकिन कभी नंबर नहीं आता तो कभी गैस खत्म मिलती है। अब सुबह आठ बजे एजेंसी पहुंच कर लाइन में लगा था लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया है।- प्रविंद्र, गांव खातीवास।
तीन महीने पहले गैस सिलिंडर भरवाया था। लंबी लाइन में लगने के बाद नंबर आया था लेकिन अब उन्होंने ई-केवाईसी और मोबाइल नंबर दर्ज करवाने को कहा है। इसके बाद ही सिलिंडर मिलने की बात कही है। ऐसे में अनपढ़ बुजुर्ग महिला के लिए सिलिंडर लेना काफी मुश्किल बना हुआ है। बारिश के चलते घर में रखा ईंधन भी भीग गया है, ऐसे में खाना बनाने में परेशानी होगी।- पुष्पा देवी, स्थानीय महिला।
पिछले तीन दिनों में इन एजेंसियों ने इतने गैस सिलिंडर किए वितरित
एजेंसी का नाम कुल उपभोक्ता वितरित किए सिलिंडर
अशोक गैस सर्विस 28,707 1,884
दादरी गैस सर्विस 31,324 1,538
शहीद संजय गैस एजेंसी 20,569 481
प्रेम भारत गैस एजेंसी 18,407 538
अटेला इंडेन गैस एजेंसी 5,540 222
सुमन गैस एजेंसी 5,360 242
राज गैस एजेंसी 25,700 912
बधवाना गैस सर्विस 5,800 292
वर्सन :
जिले की सभी गैस एजेंसियों में गैस सिलिंडर की आपूर्ति भेजी जा रही है। ई-केवाईसी और मोबाइल नंबर अपडेट करवाने वाले सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: तीन दिनों में 6109 उपभोक्ताओं को जारी किए घरेलू गैस सिलिंडर, एजेंसियों के सामने कम नहीं हो रही भीड़




