[ad_1]
चरखी दादरी। दादरी जिले की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर सरसों की सरकारी खरीद कल से शुरू होनी हैं। लेकिन मंडियों में व्यवस्थाएं पूरी न होने के कारण खरीद प्रक्रिया में परेशानी आ सकती है।
मार्केट कमेटी व खरीद एजेंसियों की ओर से सभी व्यवस्थाएं पूरी होने का दावा किया जा रहा है लेकिन खरीद शुरू होने से एक दिन पहले तक हैंडलिंग एजेंट की नियुक्ति नहीं हो पाई है। वीरवार को हैंडलिंग एजेंट नियुक्त करने के लिए निविदा लगाई गई है।
ऐसे में शुक्रवार को हैंडलिंग एजेंट नियुक्त किए जाने की संभावना जताई जा रही है, जबकि शनिवार से सरसों की सरकारी खरीद शुरू होनी है। मंडी में एक हैंडलिंग एजेंट बनाया जाएगा और उसी के माध्यम से खरीद होगी।
खरीद के लिए तैयारियां अधूरी
सरसों की खरीद के लिए जिले में चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जबकि गेहूं की खरीद के लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। सरसों की खरीद दादरी, बाढड़ा की अनाज मंडी के अलावा झाेझू कलां और बौंद कलां में होगी। बाढड़ा अनाज मंडी का दायरा छोटा है तो झोझू कलां और बौंद कलां में पक्का प्लेटफार्म नहीं है। जिसके कारण फसल खराब होने का खतरा है। वहीं बेरला में भी कच्ची जमीन पर अनाज को रखा जाएगा। दादरी की नई अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। इसके अलावा आढ़तियों को बारदाना भी नहीं मिला है।
नैफेड सहित तीन एजेंसियां करेंगी खरीद
सरकारी खरीद में हैफेड, नैफेड और जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से गेहूं व सरसों की खरीद की जाएगी। सरसों की खरीद नैफेड के माध्यम से किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी। आढ़तियों को भी इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं, बायोमेट्रिक खरीद किए जाने से किसानों में विरोध देखा जा रहा है। बहुत से किसानों के पास न तो स्मार्टफोन है और अगर है तो उतनी दक्षता नहीं, जो खुद गेटपास बना सकें।
मंडी में मिलेगा 10 रुपये में भोजन
दादरी की नई अनाज मंडी में किसान-मजदूर कैंटीन का संचालन हो रहा है। मंडी में आने वाले किसानों और श्रमिकों को सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध हो सकेगा। कैंटीन में 10 रुपये प्रति प्लेट भोजन मिलेगा। यह किसानों के लिए राहत देने वाली सुविधा है, मंडी में आने वाले किसान व मजदूर यहां पर भोजन कर सकेंगे।
बाजार भाव अधिक, सरकारी खरीद में रुझान कम की संभावना
इस बार बाजार में सरसों के भाव सरकारी रेट से अधिक बने हुए हैं, जिससे सरकारी खरीद प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में मिलों में सरसों का भाव करीब 6800 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुका है, जबकि मंडियों में खुले बाजार में यह लगभग 6600 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। इसके मुकाबले सरकार की ओर से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 6200 रुपये प्रति क्विंटल है।
28 मार्च से शुरू होने वाली सरसों खरीद को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वीरवार को हैंडलिंग एजेंट नियुक्त करने से संबंधित निविदा लगाई गई है और शुक्रवार को हैंडलिंग एजेंट बनाया जाएगा।
– विजय कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी, दादरी।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: कल से शुरू होगी सरसों की सरकारी खरीद, आज नियुक्त होंगे हैंडलिंग एजेंट



