[ad_1]
चरखी दादरी। पिछले लंबे समय से पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे गांव कमोद और जयश्री के ग्रामीणों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। जन स्वास्थ्य विभाग ने दोनों गांवों के जलघरों की क्षमता बढ़ाने, जलघर में आरसीसी टैंक बनवाने व गांवों में नई पेयजल बिछाने के लिए 7.68 करोड़ रुपये के कार्यों की निविदाएं जारी कर दी हैं। विभाग के अधिकारी का कहना है कि जल्द ही संबंधित एजेंसी को कार्य आदेश जारी कर दिए जाएंगे। जलघरों का काम पूरा होने के बाद करीब तीन हजार की आबादी को फायदा मिलेगा।
बता दें कि गांव कमोद और जयश्री के जलघरों के टैंकों में चवे का पानी आने से सप्लाई में खारा पानी पहुंच रहा था। वहीं पहले से बिछाई गई लाइन की गहराई अधिक होने के कारण ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पाता था। इसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण कई बार विभाग के अधिकारियों से मिल चुके थे लेकिन समाधान नहीं हो पाया। अब विधायक सुनील सांगवान के प्रयासों से दोनों गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 7.68 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति मिली है। इसके बाद विभाग ने निविदाएं आवंटित कर एजेंसी को कार्य अलॉट कर दिया है। इस परियोजना के तहत दोनों गांवों के जलघरों तक पानी पहुंचाने के लिए लोहारू कैनाल पर पंप हाऊस का निर्माण भी करवाया जाएगा। वहीं गांव में बिछी पुरानी पाइप लाइन के स्थान पर नई लाइन बिछाई जाएगी।
इतनी क्षमता का बनेगा टैंक
योजना से जुड़े दोनों गांवों में पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए जल घर परिसर में आधा एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। जबकि 75 गुना 82 मीटर का रिजर्व टैंक बनाया जाएगा। ताकि ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना नहीं करना पड़े। इसके अलावा जल घर से गांव के घरों तक करीब तीन हजार मीटर लंबी पाइप लाइन भी डलेंगी।
तीन हजार की आबादी को मिलेगी राहत
गांवों में जलघर से खारा व दूषित पानी आने के कारण ग्रामीणों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण देवेंद्र कुमार, अनूप सिंह, रामनिवास आदि ने बताया कि ग्रामीण घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए पानी के टैंकर मंगवाते हैं। वहीं पीने के लिए कैंपर मंगवाने पड़ रहे हैं जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान वहन करना पड़ता है लेकिन अब यह परियोजना पूरी होने के बाद करीब तीन हजार ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी।
वर्सन :
गांव कमोद और जयश्री में जलघरों की क्षमता बढ़ाने व मरम्मत का कार्य पूरा करने के लिए निविदाएं खोल दी गई है। एजेंसी को कार्य आदेश जारी करने के बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा। संबंधित एजेंसी को एक वर्ष की अवधि में काम पूरा करना होगा।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: कमोद-जयश्री के 3 हजार लोगों को राहत, 7.68 करोड़ से मजबूत होगी जल आपूर्ति




