[ad_1]
चरखी दादरी। दादरी के नागरिक अस्पताल सहित जिले के अन्य सरकारी अस्पतालों में उपचार करवाने के लिए आने वाले मरीजों को सोमवार व मंगलवार को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि जिला स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चिकित्सक हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार व मंगलवार को हड़ताल पर रहेंगे। चिकित्सकों की हड़ताल के दौरान इस बार ओपीडी के अलावा आपातकालीन, लेबर रूम जैसी सेवाएं भी बाधित रहेंगी। वहीं दूसरी तरफ दादरी के सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गई है।
गौरतलब है कि प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर सीधी भर्ती को तुरंत बंद करने तथा संशोधित एसीपी संरचना की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन पिछले काफी समय से आवाज उठा रही है। एसोसिएशन के आह्वान पर समय-समय पर चिकित्सकों के द्वारा विरोध भी दर्ज करवाया जा रहा है। इन्हीं मांगों को लेकर गत 27 नवंबर को चिकित्सकों ने दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल की थी। लेकिन समाधान न होने पर अब एसोसिएशन ने सोमवार व मंगलवार को पूर्ण हड़ताल करने का निर्णय लिया है। जिसमें ओपीडी, इमरजेंसी, लेबर रूम आदि में चिकित्सकों की सेवाएं बंद रहेंगी। इनके अलावा चिकित्सकों के द्वारा पोस्टमार्टम भी नहीं किए जाएंगे। जिससे स्वास्थ्य सेवाएं चरमराने का अंदेशा है।
= जिले में हर रोज होती है 2500 तक ओपीडी
बता दें कि दादरी जिले में एक नागरिक अस्पताल, एक एमसीएच यूनिट, तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इन अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में हर रोज औसतन 2500 मरीज ओपीडी में उपचार करवाने के लिए आते हैं। इनके अलावा नागरिक अस्पताल स्थित इमरजेंसी वार्ड में भी काफी संख्या में मरीज उपचार करवाने आते हैं। चिकित्सकों की हड़ताल के चलते इन मरीजों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
=करीब 100 चिकित्सक रहेंगे हड़ताल पर
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि दादरी जिला स्वास्थ्य विभाग में करीब 100 चिकित्सा अधिकारी कार्यरत हैं। एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार और मंगलवार को इन सभी चिकित्सकों के हड़ताल में शामिल होने की संभावना है। जिससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं काफी चरामराएगी।
=वर्सन :
एसोसिएशन की मांगों में मुख्य रूप से एसएमओ पद पर सीधी भर्ती को तुरंत बंद करना तथा संशोधित एसीपी संरचना की अधिसूचना जारी करना है। ये मांगें अनुमोदन और वित्त विभाग की सहमति के बावजूद अब तक लागू नहीं हुई। ऐसे में अब सोमवार व मंगलवार को चिकित्सक पूर्ण हड़ताल पर रहेंगे। यदि अब भी मांगें नहीं मानीं गई तो हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाई जा सकती है।
– डॉ. राजीव बेनीवाल, प्रधान, हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन, दादरी।
वर्सन :
चिकित्सकों की हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं बाधित नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गई है। एनएचएम के तहत कार्यरत चिकित्सक इमरजेंसी में तैनात रहेंगे। वहीं महिला एएमओ को लेबर रूम में तैनात किया गया है। ओपीडी में आने वाले मरीजों को भी उपचार दिया जाएगा।
– डॉ. नरेश कुमार, सिविल सर्जन, दादरी।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: आज से दो दिन की हड़ताल पर रहेंगे चिकित्सक, ओपीडी के अलावा आपातकालीन सेवाएं भी होंगी प्रभावित


