लद्दाख में में तैनात वायुसेना के जवान नवीन श्योराण का मंगलवार देर रात पार्थिव शरीर तिरंगा यात्रा के साथ गांव पहुंचा। मंगलवार रात को ही राजकीय सम्मान के साथ जवान के अंतिम संस्कार करने की जानकारी है।
Trending Videos
नदी में डूबकर हुई जवान की मौत
नवीन श्योराण साल 2020 में वायुसेना में भर्ती हुए थे। जवान की तैनाती इन दिनों लेह-लद्दाख में थी। रविवार को जवान का जन्मदिन था। उस दिन नवीन अपनी टीम के साथ नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर पत्थर पर फिसला और वह नदी में गिर गए। दलदल और पानी में फंसने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मृत्यु हो गई। 24 घंटे बाद उनका शव बरामद हुआ।
निकाली गई तिरंगा यात्रा
मंगलवार रात साढ़े 9 बजे नवीन का पार्थिव शरीर बाढड़ा पहुंचा। वहां से ग्रामीणों ने सात किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें बाइक सवार युवाओं ने फूल-मालाएं और तिरंगे के साथ भाग लिया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “नवीन श्योराण अमर रहे” के नारे लगे। अंतिम दर्शन के बाद जवान के शव को श्मशान घाट ले जाया गया।
नवीन के दादा धर्मसिंह सेना से रिटायर्ड हैं, जो उनकी प्रेरणा थे। पिता सतीश गांव के बस अड्डे पर बीज भंडार की दुकान चलाते हैं, मां अनीता आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, और बड़ा भाई नितिन लॉ की पढ़ाई कर रहा है।