[ad_1]
-एअर इंडिया ने जारी की उड़ान समय-सारिणी, फिलहाल कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा नहीं
-इमिग्रेशन-कस्टम स्टाफ की तैनाती के बाद अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी का रास्ता खुलेगा
कंवरपाल
हलवारा। कनाडा सहित विदेशों से आधी रात के बाद दिल्ली पहुंचने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को ध्यान में रखते हुए एअर इंडिया ने हलवारा एयरपोर्ट के लिए अपनी उड़ानों की समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत दिल्ली–हलवारा–दिल्ली रूट पर प्रतिदिन दो घरेलू उड़ानें संचालित की जाएंगी। हालांकि इमिग्रेशन और कस्टम स्टाफ की तैनाती तक कनेक्टिंग फ्लाइट की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एयर इंडिया ने पहले ही शेड्यूल तय कर लिया है।
एअर इंडिया की पहली उड़ान सुबह 6 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रवाना होगी और सुबह 7 बजे हलवारा पहुंचेगी। यही विमान सुबह 7.40 बजे हलवारा से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। दूसरी उड़ान दिल्ली से दोपहर 1.35 बजे रवाना होकर 2.35 बजे हलवारा पहुंचेगी जो 3.40 बजे वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी और करीब 4.40 बजे लैंड करेगी। दूसरे चरण में कार्गो उड़ानों की शुरुआत होगी और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने उड़ानों के शेड्यूल की पुष्टि करते हुए कहा कि हलवारा एयरपोर्ट से संचालन शुरू होने से लुधियाना के उद्योग जगत के साथ-साथ पंजाब के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और एयर इंडिया के स्टाफ की तैनाती की संभावना है।
स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था
एअर इंडिया की ओर से हलवारा एयरपोर्ट पर पांच कार्यालय कर्मियों और 15 से 16 ग्राउंड स्टाफ को तैनात किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) का 54 सदस्यीय दल पहले ही तैनात किया जा चुका है।
साहनेवाल एयरपोर्ट होगा बंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 1 फरवरी को उद्घाटन के बाद हलवारा एयरपोर्ट पर आमजन के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी लागू कर दी गई है। पहले चरण में घरेलू उड़ानों की शुरुआत के साथ ही साहनेवाल एयरपोर्ट को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। वहां का जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर हलवारा शिफ्ट किया जा चुका है। साहनेवाल एयरपोर्ट की 130 एकड़ जमीन के हस्तांतरण के बाद उसकी बोली से मिलने वाली राशि को हलवारा एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल के निर्माण में लगाया जाएगा। हलवारा एयरपोर्ट को करीब 162 एकड़ में विकसित किया गया है।
हलवारा एयरपोर्ट की खासियत
-एयरबस ए-320 और बोइंग 737-700 (180 यात्री क्षमता) की लैंडिंग सुविधा।
-भारतीय वायुसेना के रनवे और एयर ट्रैफिक कंट्रोल का उपयोग।
-कम दृश्यता में सुरक्षित लैंडिंग के लिए उन्नत रेडियो नेविगेशन सिस्टम।
-आईएटीए कोड: एचडब्ल्यूआर, आईसीएओ कोड: वीआईएचएक्स।
-संचालन एजेंसी: लुधियाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एलआईएएल)
[ad_2]
Chandigarh News: हलवारा एयरपोर्ट के लिए दिल्ली से दिन में दो उड़ानें

