[ad_1]
-सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से आदमपुर में तनाव
-सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी में की थी अभद्र भाषा
जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में जालंधर के आदमपुर क्षेत्र की एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी जिसके चलते पुलिस को देर रात कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार महिला की पहचान हरजीत कौर निवासी गांव जडूसिंघा के रूप में हुई है। उसने प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में महिला ने सुरक्षा कारणों से सड़कें बंद किए जाने पर नाराजगी जताई और प्रधानमंत्री व डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।
वीडियो में महिला ने कहा कि उसकी बेटी रात से बीमार है और उल्टियां कर रही है लेकिन सुरक्षा बंदोबस्त के चलते आदमपुर इलाके की सभी सड़कें बंद हैं। उसका आरोप था कि बैरिकेडिंग के कारण वह स्कूटी में तेल भरवाने तक नहीं जा सकी। महिला ने दावा किया कि सड़कों के साथ-साथ दुकानें और मेडिकल स्टोर भी बंद करवा दिए गए जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन पर लगाए आरोप
महिला ने वीडियो में पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि पुलिस किसी की समस्या नहीं सुन रही और लोगों को आपात स्थिति में भी निकलने नहीं दिया जा रहा। महिला ने सवाल उठाया कि अगर किसी को तत्काल इलाज की जरूरत हो तो वह कहां और कैसे जाए। वीडियो वायरल होने के बाद आदमपुर इलाके में विभिन्न संगठनों के लोग और स्थानीय निवासी पुलिस थाने पहुंच गए और महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
देर रात हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता और कानून-व्यवस्था पर असर को देखते हुए पुलिस ने देर रात महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल और शांति भंग करने के प्रयास को लेकर कानूनी कार्रवाई की गई है।
[ad_2]
Chandigarh News: सभी केंद्र…
पीएम मोदी और डेरा सचखंड बल्लां प्रमुख पर आपत्तिजनक टिप्पणी, महिला गिरफ्तार

