[ad_1]
हरियाणा सचिवालय में तैनात स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी गणेश दास अरोड़ा ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे सचिवालय की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से सचिवालय परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस को मृतक की जेब से एक टाइप किया हुआ सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें लिखा है कि उन पर न तो परिवार का दबाव था और न ही किसी अधिकारी का। हालांकि नोट पर हस्ताक्षर नहीं हैं। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार जीरकपुर निवासी गणेश दास अरोड़ा का सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। उनकी पत्नी हरियाणा राजभवन में क्लर्क हैं। एक बेटा मर्चेंट नेवी में कार्यरत है, जबकि दूसरा निजी कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर है। अरोड़ा पूर्व में गवर्नर हाउस में भी सेवाएं दे चुके थे। हाल ही में उनका स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी पद पर प्रमोशन हुआ था और करीब नौ महीने बाद उनकी सेवानिवृत्ति प्रस्तावित थी।
इससे पहले भी कर चुके हैं कूदने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में वह अपने कार्यालय से उठकर छठी मंजिल की गैलरी में पहुंचे और नीचे कूद गए। गिरने की तेज आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया। कर्मचारियों ने उन्हें निजी वाहन से तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि 9 फरवरी को भी उन्होंने कूदने की कोशिश की थी लेकिन सहकर्मियों ने रोक लिया था। घटना के बाद पुलिस कार्यालय कर्मियों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सुसाइड नोट को सीएफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा।
[ad_2]
Chandigarh: सचिवालय की छठी मंजिल से कूदे स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी, जेब से मिले सुसाइड नोट में क्या?


