[ad_1]
मनीमाजरा पॉकेट नंबर-6 की नीलामी का प्रस्ताव सिरे चढ़ता नहीं दिख रहा है। 12 दिसंबर को मेयर हरप्रीत कौर बबला की ओर से बुलाई गई सदन की विशेष बैठक को रद्द कर दिया गया है। खुद मेयर ने इसकी पुष्टि की है।
इस मुद्दे पर बुधवार दोपहर एक बजे भी चंडीगढ़ भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक कई पार्षदों और कमेटी के सदस्यों ने इस पर ऐतराज जताया था कि जब यह प्रस्ताव जनरल हाउस में बुलाया जा सकता है तो उसके लिए स्पेशल हाउस बुलाने की क्या आवश्यकता है।
इस जमीन की नीलामी को विपक्षी दल सदन से बाहर तक मुद्दा बनाने में जुटा है। इसके पीछे अहम कारण यह भी है कि मनीमाजरा की जो जमीन बेची जानी है उसका पूरा रिकॉर्ड, नक्शा और प्लानिंग अब तक सदन में स्पष्ट तौर पर पेश नहीं की गई है। यही कारण है कि पिछली सदन की बैठक में भी प्रस्ताव सिरे नहीं चढ़ा था, इस पर निगम ने चीफ आर्किटेक्ट को जमीन की पूरी मैपिंग करने के निर्देश दिए थे।
प्रदेश अध्यक्ष ने भी खुद को कर लिया था किनारा
भाजपा से जुड़े सूत्रों की मानें तो मनीमाजरा पॉकेट नंबर-6 की जमीन की नीलामी को लेकर पार्टी के नेताओं और पार्षदों में घमासान मचा हुआ है। कई पार्षदों ने तो प्रदेशाध्यक्ष से यहां तक कह दिया कि सदन की विशेष बैठक बुलाने से पार्टी की छवि पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां तक की खुद प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने पार्टी के पार्षदों और कोर कमेटी की बैठक में सबके विचार जानने के बाद अब स्पेशल हाउस से खुद भी किनारा कर लिया। इसी के चलते सदन की 12 दिसंबर को होने वाली विशेष बैठक रद्द कर दी गई।
अब गेंद प्रशासन के पाले में
बीते दिनों प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मनीमाजरा पॉकेट नंबर-6 का दौरा किया था। उन्होंने भी इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए अफसरों को निर्देश जारी किए थे। प्रोजेक्ट को लेकर जो औपचारिकताएं पूरी की जानी है, उस पर तेजी से कार्य करने के लिए कहा गया था। सूत्रों की मानें तो सदन की विशेष बैठक रद्द होने के बाद अब मनीमाजरा पॉकेट नंबर-6 की गेंद प्रशासन के पाले में चली गई है। अब प्रशासन और नगर निगम के आला अफसर इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर जुटेंगे। विपक्षी दल आप और कांग्रेस भी इस पर नजर गड़ाए हुई है।
[ad_2]
Chandigarh: मनीमाजरा पॉकेट नंबर-6 पर भाजपा में घमासान, 12 को होने वाली सदन की विशेष बैठक टली

