[ad_1]
चंडीगढ़ के मक्खन माजरा स्थित गौशाला में मंगलवार देर रात किए गए निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सनातन टास्क फोर्स (एसटी एफ) की टीम ने शिकायत में आरोप लगाया है कि गौशाला परिसर में 60 से अधिक गायें और बछड़े मृत अवस्था में मिले, जबकि जीवित पशुओं की हालत भी बेहद बदतर थी।
शिकायत के अनुसार सनातन टास्क फोर्स को गौशाला में गौवंश के साथ हो रही लापरवाही और दुर्दशा की सूचना मिली थी। इसके बाद संगठन के 25 सदस्यों की टीम मंगलवार रात करीब 10:40 बजे गौशाला पहुंची और निरीक्षण किया।
टीम का कहना है कि निरीक्षण के दौरान 40 से 50 गायें और 15 से 20 बछड़े मृत मिले। इसके अलावा कुछ गायें जीवित पाई गईं, लेकिन उनकी हालत इतनी खराब थी कि वे खड़ी होने या चलने-फिरने में भी असमर्थ थीं।
एसटीएफ ने आरोप लगाया कि गौशाला परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई थी। मृत पशुओं के शव खुले में पड़े थे। टीम के अनुसार हालात ऐसे थे कि उन्हें देखकर कोई भी सिहर उठे।
टीम ने आरोप लगाया कि गौशाला के नाम पर धार्मिक आस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है और गौवंश के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।
देर रात दो बजे तक थाने में मौजूद रही टीम
निरीक्षण के बाद सनातन टास्क फोर्स की टीम रात करीब एक बजे मौलीजागरां थाना पहुंची, जहां लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी गई। शिकायत के बाद भी टीम के सदस्य रात करीब दो बजे तक थाने में मौजूद रहे। इस दौरान संगठन के अन्य सदस्य भी थाने पहुंच गए और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
[ad_2]
Chandigarh: गौशाला में मृत मिले 60 से अधिक गाय-बछड़े, सनातन टास्क फोर्स की टीम के देर रात निरीक्षण में खुलासा


