केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज 1 फरवरी रविवार को संसद में आम बजट 2026-26 पेश किया, केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर देशभर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. इसी बीच बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
सांसद जगदंबिका पाल ने देश के नवे केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे युवाओं की ग्रोथ वाला बजट बताया है. विपक्ष द्वारा बजट पर सरकार को घेरने के सवाल पर कहा कि हम लगातार चीन अमेरिका जैसे देशों को ग्रोथ रेट में पीछे कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म यही मूल मंत्र है.
बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने की बजट की सराहना
गोरखपुर एयरपोर्ट पर रविवार 1 फरवरी को भाजपा के वरिष्ठ नेता व डुमरियागंज से सांसद जगदंबिका पाल ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि देश के 9वें केंद्रीय बजट को लेकर जहां मौजूदा सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं विपक्ष लगातार बजट को लेकर सरकार को घेरने पर लगा हुआ है.
‘बजट की कर्तव्य की तीन प्राथमिकताएं’
उन्होंने कहा कि बजट पूरी तरीके से युवा शक्ति या यूथ के पावर का ड्रीम बजट है. जिस तरह से यह बजट कर्तव्य भवन में तैयार हुआ है, उसको लेकर वित्त मंत्री ने कहा है कि हमारे इस बजट की कर्तव्य की तीन प्राथमिकताएं हैं. पहला जो विकास की गति है, उसको और तेज करना और सतत रखना. मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में ग्लोबल से हम प्रतिस्पर्धा करके हम पूरे दुनिया का मेडिसिन में बायोफार्मा हब बनाने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये दिया.
‘कॉरिडोर से बढ़ेगी देश की स्पीड’
उन्होंने कहा कि बजट में देश में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सात कॉरिडोर दिए हैं, जिसमें यूपी को दो मिला है. पहले वाराणसी से सिलीगुड़ी और दूसरा दिल्ली से वाराणसी मिला है. निश्चित तौर पर जिस तरह से एयरपोर्ट बढ़ रहे हैं, जिस तरह से हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बढ़ रहे हैं, इससे देश की स्पीड भी बढ़ेगी. इस बजट को लेकर कहा गया था कि रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म यही मूल मंत्र है.
इस बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य में टीडीएस के ग्राफ को भी काम करते हुए 2 प्रतिशत किया गया है. अभी तक के बजट में रेवेन्यू एक्सपेंडीचर ज्यादा होता था, लेकिन यह पहली बार है कि कैपिटल एक्सपेंडीचर पर खर्च किया गया. अब तक देश की आजादी के बाद 12.2 लाख करोड़ इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किया गया है. जैसे- हाईवे पर एयरपोर्ट, रेल और बुलेट ट्रेन पर आजादी के बाद सबसे बड़ा बुनियादी ढांचा पर खर्च किया जा रहा है.
सांसद ने बताया ‘बजट’ में यूपी-बिहार को क्या मिला?
बजट में यूपी और बिहार को क्या मिला? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि बौद्ध सर्किट, हाई स्पीड कॉरिडोर, हर जिले में महिला छात्रावास, आखिर गांव की महिलाएं अब शहर में कहां रहेंगी. यह बात पहले सोचनी चाहिए थी. हर जिले में ट्रामा सेंटर होगा. हर जिले में इमरजेंसी हॉस्पिटल की सुविधा मिलेगी. विपक्ष यानी अखिलेश और ममता बनर्जी द्वारा बजट पर सरकार को घेरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम लगातार चीन अमेरिका जैसे देशों को ग्रोथ रेट में पीछे कर रहे हैं.
Source: https://www.abplive.com/states/up-uk/union-budget-2026-bjp-mp-jagdambika-pal-reacted-on-budget-2026-gorakhpur-up-news-ann-3082960



