Bhiwani News: 28 मार्च से सरसों और एक अप्रैल से गेहूं की खरीद होगी शुरू Latest Haryana News

[ad_1]

भिवानी। जिले में फसल खरीद को सुचारू रूप से कराने के लिए डीसी साहिल गुप्ता ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 28 मार्च से 6200 रुपये एमएसपी पर सरसों और एक अप्रैल से 2585 रुपये एमएसपी पर गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी।

डीआरडीए सभागार में डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में सरसों व गेहूं खरीद को लेकर बैठक आयोजित की गई जिसमें जिले की मंडियों में तैयारियों की समीक्षा की गई। डीसी ने निर्देश दिए कि मंडियों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए और किसानों के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही की जाए। साथ ही किसानों को जागरूक किया जाए कि वे अपनी फसल अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं।

बैठक के दौरान डीएमओ गगन जोशी ने बताया कि सरसों की खरीद हैफेड द्वारा की जाएगी जबकि गेहूं की खरीद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, वेयरहाउस और हैफेड द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरसों में आठ प्रतिशत से अधिक और गेहूं में 12 प्रतिशत से अधिक नमी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने जानकारी दी कि गेहूं की खरीद भिवानी, बवानीखेड़ा, चांग, धनाना, तालू रोड, बांडाहेड़ी (जींद-मुंढ़ाल रोड), तोशाम, पटौदी, सिवानी, लोहारू, ढिगावा, बहल और जुई मंडी में तथा मार्केट कमेटी रोहतक के अधीन आने वाली खरक कलां में की जाएगी।

इसी प्रकार सरसों की खरीद भिवानी, बवानीखेड़ा, चांग, तोशाम, पटौदी, सिवानी, लोहारू, ढिगावा, बहल, पाजू, जुई, कैरू और खरक कलां में की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

[ad_2]
Bhiwani News: 28 मार्च से सरसों और एक अप्रैल से गेहूं की खरीद होगी शुरू