[ad_1]
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कर्मचारी संगठन संबंद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की कार्यकारिणी की बैठक शिक्षा बोर्ड के कैंपस में स्थित संगठन के कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान सत्यवीर स्वामी ने की तथा मंच का संचालन महासचिव सोमवीर सिंह पूनिया ने की।
बैठक में सर्व कर्मचारी संघ से उप महासचिव संदीप सांगवान, हेमसा से उपप्रधान राजेश लांबा व सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व महासचिव सतीश सेठी भी उपस्थित रहे। कार्यकारिणी की बैठक में बोर्ड संस्था के भविष्य को लेकर विभिन्न मुद्दों पर गहनता से चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य तौर पर हरियाणा बोर्ड से संबंद्धता प्राप्त विभिन्न राजकीय विद्यालयों को केंद्र सरकार द्वारा मॉडल संस्कृति स्कूल व पीएमश्री योजनाओं के नाम पर सीबीएसई बोर्ड से संबद्धता दिए जाने पर चिंता व्यक्त की गई।
इसके अतिरिक्त संगठन नेताओं द्वारा फरीदाबाद के पाली में बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय खोले जाने के विरोध में सरकार को आगाह करने के बावजूद भी बंद करने की कार्रवाई न करने को लेकर रोष प्रकट किया गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इस क्षेत्रीय कार्यालय की बोर्ड या जनहित में कोई प्रासंगिकता या व्यवहार्यता नहीं है, बल्कि अभी वर्तमान में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बावजूद नियमों को ताक पर रखते हुए द्वेषभावना से शुक्रवार को एक बार फिर से एक कर्मचारी का स्थानांतरण कर दिया। जबकि उक्त कर्मचारी की भिवानी क्षेत्र में चुनाव में भी ड्यूटी लगी हुई है। जो कर्मचारियों को प्रताड़ित करने के लिए किया जा रहा है। इसको लेकर कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा घोर निंदा प्रकट की गई। इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव व शिक्षा मंत्री से बार-बार पत्र के माध्यम से मांग करने के बावजूद भी आठ माह से खाली पड़े सचिव के पद पर किसी अधिकारी की नियुक्ति ना करने को लेकर भी विरोध जताया गया।
सर्व कर्मचारी संघ के उप महासचिव संदीप सांगवान ने बताया कि बैठक में फैसला लिया गया कि यदि राज्य सरकार इस मुद्दे को लेकर शीघ्र संज्ञान लेते हुए सभी विद्यालयों को वापिस हरियाणा बोर्ड से संबद्ध करने का ठोस आश्वासन नहीं देती है तथा फरीदाबाद जिला के पाली स्थित क्षेत्रीय कार्यालय को तत्काल प्रभाव से बंद की कार्रवाई नहीं करती है तो इसका जवाब बोर्ड कर्मचारी आगामी चुनाव में राज्य सरकार को वोट की चोट से देंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन ने निर्णय लिया कि कर्मचारी के स्थानांतरण मामले को लेकर चुनाव आयोग को भी पत्र लिखा जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ उपप्रधान देवेंद्र श्योराण, प्रैस सचिव जोगेंद्र, भारतदीप, अशोक लांबा, अशोक पिलानिया, संदीप जांगड़ा, मुकेश नागपाल, संदीप शर्मा मौजूद रहे।
[ad_2]
Bhiwani News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कर्मचारी संगठन की हुई बैठक



