[ad_1]
लोहारू (भिवानी)। पोस्ट ऑफिस के एक खाते से 8,05000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है जिसमें मेहनत मजदूरी कर जोड़ी गई पीड़ित की जमा पूंजी निकाल ली गई। गांव ढाणी रहीमपुर निवासी राकेश ने इस संबंध में लोहारू थाना और पोस्ट ऑफिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पीड़ित राकेश ने बताया कि वे मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने 31 मार्च 2024 को लोहारू पोस्ट ऑफिस में खाता खुलवाया था और शुरुआत में 1010 रुपये जमा करवाए थे। करीब चार महीने बाद उन्होंने गुजरात के जिला वलसाड में अपना मकान बेचकर प्राप्त 10 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से इसी खाते में जमा करवाए ताकि परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकें।
राकेश के अनुसार छह अप्रैल को वह पोस्ट ऑफिस में अपनी पासबुक में ब्याज की एंट्री करवाने पहुंचे। एंट्री देखने पर उन्हें पता चला कि उनके खाते से तीन दिसंबर 2025 को 2 लाख रुपये, चार दिसंबर 2025 को 4 लाख रुपये और आठ दिसंबर 2025 को 2 लाख 5 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं जबकि ये निकासी उन्होंने स्वयं नहीं की। इस तरह उनके खाते से कुल 8,05000 रुपये निकल गए जिससे परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
पीड़ित ने बताया कि वह करीब पांच साल पहले अपने परिवार सहित गुजरात में रहते थे लेकिन मकान बेचने के बाद गांव ढाणी रहीमपुर लौट आए और फिलहाल दूसरे के मकान में रहकर गुजर-बसर कर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीण रविन्द्र बबलू, सुनील सैनी, प्रदीप सैनी, रविन्द्र कस्वां और मनोज ने बताया कि इससे पहले भी इसी पोस्ट ऑफिस से कई लोगों के पैसे निकलने के मामले सामने आ चुके हैं जिससे क्षेत्र में रोष है।
इस मामले में सब पोस्टमास्टर मेनपाल ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं पीड़ित न्याय की गुहार लगाते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहा है ताकि उसकी मेहनत की कमाई वापस मिल सके।
[ad_2]
Bhiwani News: लोहारू पोस्ट ऑफिस खाते से 8.05 लाख की ठगी, मजदूर की जमा पूंजी हड़पी




