[ad_1]
हांसी गेट के पास दुकान से राखी खरीदतीं महिलाएं।
भिवानी। रक्षाबंधन का त्योहार करीब है। इस उपलक्ष्य में पहले से ही बाजारों में चहल पहल दिखने लगी है। विभिन्न प्रकार की नई डिजाइन की राखियों से बाजार सज चुके हैं। बहनों ने अपने भाइयों के लिए राखी की खरीदारी शुरू कर दी है। रुद्राक्ष, मोरपंख, ओम, गणेश, कपल और चांदी की आकर्षक राखियों की बिक्री अधिक हो रही है। जिन बहनों के भाई दूरदराज के क्षेत्र में रह रहे हैं। उनके लिए बहनें डाक और कोरियर के माध्यम से राखियां पैक करवा कर भेज रहीं हैं। भाई समेत बहनें अपनी भाभियों के लिए भी सुंदर राखियां खरीद रहीं हैं।
शहर के सभी बाजारों में नए-नए डिजाइन की राखियों से राखियां सज चुकी हैं। बड़ों के लिए विभिन्न प्रकार के धागे और स्टोन के साथ हर भगवान की मूर्ति वाली राखी उपलब्ध है। बच्चों के लिए लाइट, कार्टून वाली, छोटा भीम, स्पाइडरमैन, कैप्टन अमेरिका, यूनिकॉर्न, पिकाचू, बालकृष्णा, बाल हनुमान जैसे 15 से 80 डिजाइन राखियों के हैं।
इनकी कीमत 10 रुपये से 500 रुपये तक है। महिलाएं और युवतियां अपनी सामर्थ्य के अनुसार अपने भाई और भाभियों के लिए राखियां खरीद रही हैं। भाभियों के लिए डिजाइनर ब्रेसलेट और आकर्षक डिजाइन में लूंबा की बिक्री अधिक हो रही है। लूंबा के 100 डिजाइन दुकानों पर उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 15 से 800 रुपये तक है। डिजाइनर लूंबा के सेट धागा और बड़े छोटे स्टोन से तैयार किए गए हैं। यह महिलाओं को बहुत पसंद आ रहे हैं।
सौण की खरीदारी कुछ दिन पहले ही हो जाती है। क्योंकि इसे राखी से पहले लोग अपने घरों में लगाते हैं। राखी के दिन इसकी पूजा करने के बाद ही अपने भाइयों को राखी बांधी जाती है। इसके साथ ही रोली चावल थाली के भी कई डिजाइन दुकानों पर उपलब्ध हैं। इनमें चंदन और चावल भी रखे हैं। इसे राखी थाली भी कहा जाता है। विभिन्न प्रकार के फूल और मोर पंख से सजी यह थाली बहनों की पहली पसंद बनी है।
जैविक धागे वाली राखियों की मांग भी काफी है। खुद डिजाइन किए हुए जैविक धागे की विभिन्न प्रकार की राखियां महिलाएं खरीद रहीं हैं। कृष्ण डिजाइन, गणेश और इविल आई की मांग भी बहुत है। भाइयों को बुरी नजर से बचाने के लिए बहनें इविल आई राखियां ले रहीं हैं। कपल सेट की खरीदारी भी काफी है। इसमें भाई और भाभी के लिए कई डिजाइन में राखियों के सेट उपलब्ध हैं।
मैं हर साल नए डिजाइन के राखियों का इंतजार करती हूं। इस बार मेरे परिचित व्यक्ति की दुकान पर राखी के कई नए डिजाइन आए हैं। मुझे कपल राखी की डिजाइन बहुत पसंद आए हैं। मैंने अपने भाई के लिए इविल आई राखी भी खरीदी है। – रजनी
हमने अधिकतर राखियां खुद डिजाइन की हैं। हमारी दुकान पर हर कीमत की राखियां उपलब्ध हैं। हम राखियों की बिक्री ऑनलाइन भी कर रहे हैं। हमारी राखियां लोगों को काफी पसंद हैं। इसलिए दूर के देशों में बसे लोगों की मांग पर हम राखी विदेशों तक भेज रहे हैं। – सीमा दीवान, दुकानदार।
[ad_2]
Bhiwani News: राखियों से सज गया बाजार, बहनों ने शुरू की खरीदारी



