[ad_1]
भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशों के बाद नगर परिषद कर्मचारियों ने शुक्रवार को जेसीबी की सहायता से औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पड़े मकानों के मलबे को हटाया। यह कार्रवाई शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
गौरतलब है कि वीरवार को डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों के साथ शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की थी। बैठक में उन्होंने प्रत्येक वार्ड की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली थी। इस दौरान सीएमजीजीए ऋषभ रंजन द्वारा शहर की विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट में 31 वार्डों में नियुक्त नोडल अधिकारियों ने शहर की सड़कों के किनारे और खाली स्थानों पर मकानों का मलबा पड़े होने की जानकारी डीसी के समक्ष रखी थी।
इस पर डीसी ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि शहर में जगह-जगह पड़े मलबे को उठाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। डीसी के निर्देशों के अनुपालन में नगर परिषद के सफाई निरीक्षक विकास देशवाल ने शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर मलबा पड़ा मिला, जिस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से जेसीबी मशीन मंगवाकर मलबा उठवाया।
इस संबंध में जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन द्वारा शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मकानों का मलबा सड़कों के किनारे डालना उचित नहीं है, इससे शहर में गंदगी फैलती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इधर-उधर कचरा या मलबा न डालें और शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने में नगर परिषद प्रशासन का सहयोग करें।
[ad_2]
Bhiwani News: औद्योगिक क्षेत्र से नगर परिषद ने हटवाया मकानों का मलबा




