[ad_1]
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत उपमंडल स्तर पर दूरस्थ शिक्षा के अध्ययन केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इन केंद्रों के लिए 9 अप्रैल से बोर्ड के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। यह निर्णय पड़ोसी प्रांत राजस्थान, पंजाब और राष्ट्रीय इंस्टिट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस), नई दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा इंस्टिट्यूट ओपन (एचआईओएस) शुरू करने के तहत लिया गया है।
बोर्ड द्वारा खोले जाने वाले ओपन स्कूल अध्ययन केंद्रों में परीक्षार्थियों का इनरोलमेंट, परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया और सालभर में 30 कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थी कला, वाणिज्य और विज्ञान तीनों संकायों की पढ़ाई दूरस्थ शिक्षा प्रणाली से कर सकेंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि पड़ोसी राज्यों के बोर्डों का अध्ययन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। अध्ययन केंद्र खोलने के लिए 25,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है जबकि हर वर्ष दो हजार रुपये रिन्यूवल शुल्क लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दूरस्थ शिक्षा अध्ययन केंद्रों में पढ़ाई करने वाले परीक्षार्थियों से भी अन्य राज्यों के अध्ययन केंद्रों की तुलना में कम फीस ली जाएगी। परीक्षार्थियों को दो हजार रुपये इनरोलमेंट शुल्क और 1500 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा जबकि एनआईओएस में करीब पांच हजार रुपये शुल्क लिया जा रहा है।
अब दसवीं-बारहवीं की मुक्त विद्यालय की परीक्षा साल में दो बार होगी, 8 से 12 अप्रैल तक होंगे आवेदन
अंक सुधार का मिलेगा मौका, अधिकतम तीन विषयों की पुन: परीक्षा के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने नई शिक्षा नीति के तहत दसवीं और बारहवीं की मुक्त विद्यालय की परीक्षाएं अब साल में दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत इच्छुक परीक्षार्थी 8 से 12 अप्रैल तक द्वितीय परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि दसवीं और बारहवीं की शैक्षिक परीक्षाओं की तर्ज पर मुक्त विद्यालय के फ्रेश केटेगरी के वे परीक्षार्थी, जो फरवरी/मार्च-2026 की वार्षिक परीक्षा में शामिल हुए थे लेकिन अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं उन्हें अंक सुधार का अवसर दिया गया है।
सेकेंडरी मुक्त विद्यालय के परीक्षार्थी 1250 रुपये और सीनियर सेकेंडरी के परीक्षार्थी 1300 रुपये शुल्क जमा कर अधिकतम तीन विषयों में पुन: परीक्षा दे सकते हैं। इसके लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर 8 से 12 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
[ad_2]
Bhiwani News: उपमंडल स्तर पर खुलेंगे हरियाणा बोर्ड के दूरस्थ शिक्षा अध्ययन केंद्र, आज से आवेदन शुरू



