[ad_1]
बोर्ड बैठक में विकास कार्यों पर लगी मुहर, ब्रिगेडियर मान ने मौके पर जाकर देखी समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड की विशेष बोर्ड बैठक बुधवार को हुई। बोर्ड के अध्यक्ष एवं स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर दीपक मान के नेतृत्व में बैठक में 14 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। बैठक की खास बात यह रही कि जनहित के मुद्दों पर चर्चा के बाद अध्यक्ष ने कमरे में बैठने के बजाय सीधे मौके पर जाकर समस्याओं का जायजा लिया। बैठक में मनोनीत सदस्य एवं पूर्व उपाध्यक्ष अजय बवेजा ने वार्ड-3 के तहत रेस कोर्स कॉलोनी, हिल रोड और 40 आर्मी डिवीजन में जलभराव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि एयरफोर्स की दीवार बनने के बाद प्राकृतिक निकासी बंद हो गई है, जिससे मानसून में इलाका दरिया बन जाता है। समस्या की गंभीरता देख ब्रिगेडियर मान, सीईओ राहुल आनंद शर्मा और अजय बवेजा तुरंत मौके पर पहुंचे और गीता गोपाल चौक के पास सप्लाई डिपो वाली पुलिया का नए सिरे से निर्माण करने के निर्देश दिए ताकि पानी की निकासी बेरोक-टोक हो सके।
लोगों को मिलेगी राहत
आर्मी पब्लिक स्कूल के पास लगने वाले जाम ने अभिभावकों और स्कूली बच्चों की नाक में दम कर रखा था। अजय बवेजा ने बताया कि 5500 विद्यार्थियों की आवाजाही के समय यहां ट्रैफिक रेंगता है। ब्रिगेडियर मान ने मौके पर ही स्कूल के दोनों ओर स्लिप रोड बनाने के आदेश जारी किए। इससे स्कूली बसों और राहगीरों को जाम से स्थायी राहत मिलेगी।
सेना नगर गेट का होगा कायाकल्प
सेना नगर स्थित स्वागत द्वार के संकरे होने के कारण आए दिन वाहन उससे टकरा रहे थे। ब्रिगेडियर मान ने शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए इस गेट के सर्वे और पुन: डिजाइनिंग के आदेश दिए हैं ताकि इसे आधुनिक और सुंदर आकार दिया जा सके। ब्रिगेडियर दीपक मान ने मौके पर मौजूद सहायक अभियंता सतीश गुप्ता और सफाई अधीक्षक संजय बंसल को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करें।
[ad_2]
Source link




